Anmol Sandesh News Desk, जमशेदपुर/झारखंड।
झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर करीब 3 बजे हुआ। कार सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार चारों की मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक सभी कार सवार छात्र थे। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार से शव निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
खड़े ट्रक से टकराई कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक खराब होने के कारण सड़क के दाहिने हिस्से में खड़ा था। अधिकारियों के मुताबिक ट्रक के पीछे एक छोटी पेड़ की टहनी रखी गई थी, लेकिन मौके पर रिफ्लेक्टर या पर्याप्त चेतावनी संकेत दिखाई नहीं दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
हादसे की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता के लिए असहनीय होता है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया।
