Tuesday, October 6, 2026
Homeअन्य राज्य15 दिन में दूसरी बार MP आएंगे अमित शाह, 12 अक्टूबर को...

15 दिन में दूसरी बार MP आएंगे अमित शाह, 12 अक्टूबर को ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का करेंगे भूमिपूजन

Anmol Sandesh News Desk, ग्वालियर

मध्यप्रदेश में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का एक बार फिर दौरा प्रस्तावित है। भोपाल में 3 अक्टूबर को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद अब अमित शाह 12 अक्टूबर को ग्वालियर पहुंच सकते हैं। यानी करीब 15 दिनों के भीतर यह उनका मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा होगा। अमित शाह के प्रस्तावित ग्वालियर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके दौरे के दौरान ग्वालियर के साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भी शामिल होने की संभावना है।

सुरक्षा और VIP प्रोटोकॉल को लेकर तैयारियां तेज

अमित शाह के दौरे की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग को दी गई है। इसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और VIP प्रोटोकॉल को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्वालियर जिला प्रशासन के साथ पुलिस विभाग भी प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी में जुट गया है।

मेला ग्राउंड में होगा बड़ा कार्यक्रम

अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम मेला ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी साडा के साथ मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) को सौंपी गई है। कार्यक्रम के लिए मेला ग्राउंड में बड़े स्तर पर अस्थायी ढांचा तैयार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यहां करीब 60 मीटर चौड़ा और 300 मीटर लंबा मुख्य जर्मन हैंगर डोम बनाया जाएगा। इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 18 हजार वर्गमीटर होगा।

3000 लोगों के बैठने की व्यवस्था

मुख्य डोम में करीब 3 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसमें लगभग 425 VIP अतिथि और 2,575 सामान्य अतिथियों के लिए सीटिंग प्लान तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य डोम के दोनों ओर अतिरिक्त हैंगर भी लगाए जाएंगे।

अमित शाह के लिए बनेगा ‘वन-टू-वन रूम’

कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की व्यक्तिगत बैठकों और ब्रीफिंग के लिए विशेष ‘वन-टू-वन रूम’ भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर LED स्क्रीन, साउंड सिस्टम और सुरक्षा प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट पर भी फोकस

बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन की ओर से फायर सेफ्टी उपकरण और आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्य डोम और अन्य अस्थायी संरचनाओं में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की तैयारी है।

टेलीकॉम सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने की तैयारी

साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को ग्वालियर के औद्योगिक विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके जरिए क्षेत्र में टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण और संबंधित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular