Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
मध्यप्रदेश में युवाओं को लेकर सरकार की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। प्रदेश सरकार 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में ‘CM Youth Conclave 2026’ आयोजित करने जा रही है। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के कॉलेजों से छात्र-छात्राओं के शामिल होने की तैयारी है। इस कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम के जरिए सरकार युवाओं की शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, उद्यमिता और तकनीकी क्षेत्र से जुड़ी जरूरतों पर चर्चा करेगी। साथ ही युवाओं के लिए नई योजनाओं या सौगातों की घोषणा की संभावना भी जताई जा रही है।
प्रदेशभर के कॉलेजों के छात्र होंगे शामिल
‘CM Youth Conclave 2026’ को लेकर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। कुलसचिव, सचिव और प्राचार्यों को कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में बड़ी संख्या में युवाओं को जुटाने की तैयारी है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकार की योजनाओं और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।
स्टार्टअप और उद्यमिता पर रहेगा खास फोकस
कॉन्क्लेव में स्टार्टअप और उद्यमिता प्रमुख विषयों में शामिल रहेगा। युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स को अपनी उपलब्धियां और आइडिया प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। फार्मास्युटिकल, मैन्युफैक्चरिंग, AI और मशीन लर्निंग तथा फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप्स की प्रस्तुति भी कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कॅरियर और रोजगार के अवसरों की मिलेगी जानकारी
कार्यक्रम में युवाओं को कॅरियर से जुड़े विकल्पों और कौशल विकास की जानकारी देने पर भी जोर रहेगा। अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसर, स्किल ट्रेनिंग और कॅरियर मार्गदर्शन को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की तैयारी है। युवाओं को यह समझने का अवसर मिलेगा कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार किस क्षेत्र में कॅरियर बना सकते हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ कैसे उठा सकते हैं।
AI, साइबर सिक्योरिटी और ड्रोन टेक्नोलॉजी भी चर्चा में
CM Youth Conclave में भविष्य की तकनीक और नवाचार से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी जाएगी। यहां AI, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, विज्ञान एवं नवाचार से जुड़े प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा कृषि क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं, फ्यूचर रेडी एजुकेशन और टेक्नोलॉजी के बदलते स्वरूप पर भी युवाओं को जानकारी दी जाएगी।
सरकारी योजनाओं के लिए लगाए जाएंगे स्टॉल
कॉन्क्लेव में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉल के जरिए युवाओं को योजनाओं की पात्रता, पंजीयन, आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक और निजी विश्वविद्यालय भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। विश्वविद्यालयों की ओर से तकनीकी शिक्षा, कॅरियर, नवाचार, उद्यमिता और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी युवाओं को दी जाएगी।
युवाओं से सीधा संवाद करेंगे CM मोहन यादव
कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का युवाओं के साथ संवाद होगा। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस दौरान युवाओं की अपेक्षाओं और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर बात कर सकते हैं। सरकार की कोशिश युवाओं को शिक्षा और रोजगार के साथ-साथ उद्यमिता और नई तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की है।
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ के बाद बढ़ी सियासी हलचल
मध्यप्रदेश में युवाओं को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हुई हैं। 19 सितंबर को इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया था। कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया था। राहुल गांधी ने इस कार्यक्रम में पेपर लीक, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर छात्रों से संवाद किया था। इसके बाद अब प्रदेश सरकार का यूथ कॉन्क्लेव युवाओं के मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखने वाला बड़ा कार्यक्रम माना जा रहा है।
युवाओं को साधने की कोशिश या विकास का नया मॉडल?
‘CM Youth Conclave 2026’ ऐसे समय आयोजित हो रहा है, जब युवाओं के बीच रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी अवसर बड़े मुद्दे हैं। ऐसे में सरकार का यह कार्यक्रम युवाओं तक सीधे पहुंच बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार और उद्यमिता के नए विकल्पों से जोड़ने की दिशा में अहम पहल साबित हो सकता है। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव युवाओं के लिए किन नई योजनाओं और घोषणाओं का ऐलान करते हैं।
