Thursday, October 8, 2026
Homeअन्य राज्य450 करोड़ के वर्ल्ड क्लास स्टेशन पर भैंसों की एंट्री! प्लेटफॉर्म पर...

450 करोड़ के वर्ल्ड क्लास स्टेशन पर भैंसों की एंट्री! प्लेटफॉर्म पर गोबर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। देश के पहले वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशनों में शामिल इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दो भैंसें घूमती हुई नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घूमती दिखीं भैंसें

वायरल वीडियो में दो भैंसें प्लेटफॉर्म पर घूमती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना 5 अक्टूबर, सोमवार की है और भैंसें प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गई थीं। वीडियो में दोनों भैंसें कीचड़ से सनी हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में भी हलचल दिखाई दी। कुछ यात्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में एक गार्ड भैंसों को प्लेटफॉर्म से बाहर निकालने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है। इसी दौरान एक भैंस ने प्लेटफॉर्म पर गोबर कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

160 CCTV कैमरों के बावजूद कैसे पहुंचीं भैंसें?

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से तैयार किया गया है। स्टेशन परिसर में 160 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों के लिए अलग-अलग एंट्री और एग्जिट गेट बनाए गए हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर भैंसें स्टेशन परिसर से होते हुए प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंच गईं? क्या स्टेशन के प्रवेश द्वार पर निगरानी में चूक हुई या फिर किसी दूसरे रास्ते से भैंसें प्लेटफॉर्म तक पहुंचीं? वायरल वीडियो के बाद इन सवालों पर चर्चा शुरू हो गई है। बताया गया है कि घटना के कुछ समय बाद पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने स्टेशन का दौरा भी किया था।

450 करोड़ की लागत से हुआ पुनर्विकास

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को पहले हबीबगंज रेलवे स्टेशन के नाम से जाना जाता था। स्टेशन का करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2021 को इसका लोकार्पण किया था। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ एयरपोर्ट जैसी डिजाइन और यात्री सुविधाओं से लैस किया गया है। स्टेशन भवन के निर्माण पर ही करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी दी गई थी।

यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं

रानी कमलापति स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए 700 से ज्यादा सीटों की व्यवस्था है। स्टेशन में 11 एस्केलेटर, 3 लिफ्ट और 3 ट्रैवलेटर लगाए गए हैं। स्टेशन की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरों के अलावा अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर भैंसों के पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद अब यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की निगरानी व्यवस्था चर्चा में आ गई है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि हाईटेक सुविधाओं और कड़ी निगरानी वाले इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक आखिर भैंसें पहुंचीं कैसे?

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular