Anmol Sandesh News Desk, रायपुर
चक्रवात ‘अर्नब’ के चलते छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हुई बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि बारिश और चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए। सर्वेक्षण का काम पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का पता लगाकर प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिल सके।
RBC 6-4 के तहत मिलेगी पात्र किसानों को सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा है कि फसल क्षति का आकलन करने के बाद आरबीसी 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सर्वेक्षण से लेकर मुआवजा वितरण तक की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
किसानों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
सीएम साय ने जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि प्रभावित किसानों को राहत पाने के लिए परेशान न होना पड़े। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और नुकसान का सही आकलन कर पात्र किसानों तक सहायता पहुंचाएं।
चक्रवात के कारण फसल नुकसान झेल रहे किसानों के लिए सरकार के इन निर्देशों से राहत की उम्मीद जगी है। अब निगाहें जिला स्तर पर होने वाले सर्वेक्षण और उसके बाद सहायता राशि के वितरण पर रहेंगी।
