Wednesday, November 11, 2026
Homeअन्य राज्यजम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला: CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर ताबड़तोड़...

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला: CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 जवान घायल; इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली |

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। अखरान इलाके के पास बाइक सवार आतंकियों ने CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस हमले में CRPF के दो जवान घायल हो गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

दोपहर 2:15 बजे हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। बाइक पर सवार होकर आए आतंकियों ने अखरान के पास तैनात CRPF की पेट्रोलिंग टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

हमले में दो CRPF जवान घायल हो गए। घायल जवानों को तत्काल उपचार के लिए अनंतनाग के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके पर भेजी गई क्विक रिएक्शन टीम

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। मौके पर क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को रवाना किया गया। आतंकियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है।

सुरक्षाबलों ने संभावित भागने के रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है। इलाके में सर्च ऑपरेशन और आतंकियों की तलाश जारी है। फिलहाल हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।

एक महीने पहले केरन सेक्टर में मारे गए थे दो आतंकी

गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया था।

इस दौरान संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर जवानों ने आतंकियों को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया था। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, आतंकियों की तलाश जारी

कुलगाम में ताजा हमले ने एक बार फिर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बाइक सवार आतंकियों द्वारा पेट्रोलिंग टीम को निशाना बनाए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच और आतंकियों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि हमला करने वाले आतंकी किस दिशा में फरार हुए और सुरक्षाबल उन्हें कब तक पकड़ पाते हैं। इलाके में ऑपरेशन जारी है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular