Anmol Sandesh News Desk,बुंदेलखंडी।
Digvijaya Singh Viral Video: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों अपने एक मजेदार वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। बुंदेलखंड के एक युवक के साथ उनकी बातचीत का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि युवक ने दिग्विजय सिंह को बुंदेलखंडी अंदाज में ‘डुकरा’ कह दिया, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री ने नाराज होने के बजाय उसी अंदाज में ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए। दिग्विजय सिंह का यह देसी अंदाज अब सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रहा है।
युवक ने कहा- 80 साल की उम्र में डुकरा के बराबर निकरै
वायरल वीडियो में एक युवक कैमरे के सामने दिग्विजय सिंह का परिचय कराते हुए कहता है कि ये मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हैं, जिन्हें लोग दिग्गी राजा के नाम से जानते हैं। इसके बाद युवक बुंदेलखंडी भाषा में उनकी उम्र और सक्रियता पर टिप्पणी करते हुए कहता है कि 80 साल की उम्र में भी ये ‘डुकरा’ के बराबर निकल रहे हैं।
दरअसल, बुंदेलखंडी बोली में ‘डुकरा’ शब्द का इस्तेमाल बुजुर्ग व्यक्ति के लिए किया जाता है। युवक की इस बात पर वहां मौजूद लोगों का ध्यान दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया पर टिक गया।
दिग्विजय सिंह ने भी बुंदेलखंडी में दिया जवाब
युवक की बात सुनकर दिग्विजय सिंह ने नाराजगी जाहिर करने के बजाय मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में जवाब दिया- ‘ऐ डुकरा काए कै रओ है।’ उनका यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंसने लगे। बातचीत का यह सहज और मजेदार अंदाज कैमरे में कैद हो गया।
दिग्विजय सिंह ने खुद भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने बुंदेलखंडी अंदाज में लिखा कि इंटरव्यू करने वाला लड़का उन्हें ‘डुकरा’ कह रहा है। उन्होंने आगे अपनी सक्रियता का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आज के समय में कौन सा बुजुर्ग रोजाना 15 से 20 किलोमीटर पैदल चल रहा है?
उम्र नहीं, लक्ष्य बड़ा है: दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में अपनी उम्र को लेकर हो रही टिप्पणी का जवाब भी खास अंदाज में दिया। उन्होंने लिखा कि बात उम्र की नहीं, बल्कि लक्ष्य की है। उनका कहना है कि उनका लक्ष्य लोकतंत्र की रक्षा करना और सनातन धर्म की रक्षा करना है।
उनकी इस टिप्पणी को सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कुछ यूजर्स उनके मजाकिया अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ उनकी लंबी पदयात्रा और सक्रियता को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पर निकले हैं दिग्विजय सिंह
दरअसल, दिग्विजय सिंह इन दिनों ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर निकले हुए हैं। इस यात्रा की शुरुआत उन्होंने 20 अक्टूबर को उज्जैन से की थी। यात्रा के दौरान वह प्रतिदिन लगभग 15 से 20 किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। उनकी यात्रा मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए अब ओरछा तक पहुंच चुकी है।
इस यात्रा का लक्ष्य करीब 950 किलोमीटर की दूरी तय कर अयोध्या पहुंचना है। दिग्विजय सिंह इससे पहले भी नर्मदा परिक्रमा यात्रा कर चुके हैं। ऐसे में बुंदेलखंड के युवक के साथ उनकी यह हल्की-फुल्की बातचीत उनकी यात्रा के दौरान का एक दिलचस्प पल बन गई है।
