Anmol Sandesh News Desk,उज्जैन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में मुख्य आयोजन किया जाएगा। 21 जून को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन एवं महाकाल मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को विशेष रूप से मनाने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि उज्जैन आदि योगी भगवान शिव की नगरी है, इसलिए इस बार का मुख्य कार्यक्रम श्री महाकाल महालोक में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए जल्द ही जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि महाकाल की दिव्य ऊर्जा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच जब हजारों लोग एक साथ योग साधना करेंगे, तो यह केवल शारीरिक व्यायाम का आयोजन नहीं होगा, बल्कि आत्मा, मन और चेतना के संतुलन का वैश्विक संदेश भी बनेगा।

प्रशासन का मानना है कि इस भव्य आयोजन के माध्यम से न केवल योग के महत्व को वैश्विक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा, बल्कि महाकाल महालोक की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी दुनिया भर में और अधिक मजबूत होगी।विश्व योग दिवस पर महाकाल की नगरी उज्जैन से पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, शांति और आध्यात्मिकता का संदेश देने की तैयारी की जा रही है।
