Anmol Sandesh News Desk,उज्जैन
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। नौतपा और भीषण गर्मी के बावजूद 20 मई से 31 मई के बीच मात्र 12 दिनों में 21.15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ ने एक बार फिर महाकाल के प्रति जनआस्था की गहराई को साबित कर दिया है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, 12 दिनों के दौरान कुल 21,15,543 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। अधिकांश दिनों में भक्तों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक रही। सबसे ज्यादा भीड़ रविवार, 24 मई को दर्ज की गई, जब 2,46,776 श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। वहीं सोमवार, 25 मई को 1,96,480 और शनिवार, 23 मई को 1,95,106 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।जून माह की शुरुआत में भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। वर्तमान में प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे मंदिर परिसर और दर्शन मार्गों पर लगातार रौनक बनी हुई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। दर्शन मार्गों पर शेड, मैटिंग और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गर्मी से राहत देने के लिए मंदिर परिसर एवं दर्शन मार्गों पर मिस्ट सिस्टम और हीट-प्रूफ पाथ भी तैयार किए गए हैं।

कलेक्टर ने कतार में लगकर परखी व्यवस्थाएं
हाल ही में उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक के साथ आम श्रद्धालु की तरह दर्शन कतार में शामिल होकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधारों के निर्देश भी दिए।

1200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
मंदिर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से करीब 1200 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति या अव्यवस्था की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को तत्काल अलर्ट कर कार्रवाई की जाती है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में मेडिकल टीम और सुरक्षा कर्मियों की भी लगातार तैनाती की गई है।महाकाल मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि देश-विदेश से आने वाले भक्तों की आस्था बाबा महाकाल के प्रति दिन-प्रतिदिन और मजबूत होती जा रही है।
