Sunday, June 7, 2026
Homeटॉप न्यूज़15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास,भारतीय टीम में चुने गए...

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास,भारतीय टीम में चुने गए सबसे युवा क्रिकेटर,सचिन और शेफाली का रिकॉर्ड टूटा, श्रेयस अय्यर को मिली टी-20 टीम की कमान

Anmol Sandesh Sports Desk

भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में चुने जाने वाले अब तक के सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। महज 15 साल और 71 दिन की उम्र में वैभव का चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज तथा सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में किया गया है।वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टी-20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंप दी है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है।

शेफाली और सचिन का रिकॉर्ड टूटा

राष्ट्रीय टीम में पहली बार चयनित होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के रूप में वैभव ने महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शेफाली पहली बार भारतीय टीम में 15 साल 220 दिन की उम्र में चुनी गई थीं। वहीं पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिनका चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था।

सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का भी मौका

यदि वैभव को इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का अवसर मिलता है, तो वे भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। वर्तमान में यह रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।

आईपीएल 2026 में मचाया था धमाल

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने इस सीजन मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के लगाने जैसे कई पुरस्कार जीते। वैभव ने 36 गेंदों में शतक जड़कर पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

श्रेयस अय्यर की ढाई साल बाद टी-20 टीम में वापसी

श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए अपना आखिरी टी-20 मुकाबला दिसंबर 2023 में खेला था। लगभग ढाई साल बाद उनकी टीम में वापसी हुई है और चयनकर्ताओं ने उन पर कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी है।आईपीएल 2026 में श्रेयस ने पंजाब किंग्स के लिए 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम की कमान सौंपने का फैसला लिया गया।

खराब फॉर्म के कारण बाहर हुए सूर्यकुमार

टी-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव हालिया खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। टी-20 विश्व कप 2026 और आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लिया है।

अफगानिस्तान वनडे सीरीज में कोहली की जगह जायसवाल

अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में चोटिल विराट कोहली की जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।

भारतीय टी-20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।

एशियन गेम्स टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular