Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली
तीन दिन की देरी से दस्तक देने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु को पार करते हुए मानसून गोवा पहुंच चुका है, जबकि मुंबई में भी इसके जल्द पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल गोवा, बेंगलुरु, सलेम और पंबन समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर जारी है।भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने केरल के कई जिलों में शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना है। भारी बारिश को देखते हुए वायनाड और कासरगोड में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि ट्रेकिंग गतिविधियों और पहाड़ी क्षेत्रों में रात्रि यात्रा पर रोक लगा दी गई है।
एमपी-छत्तीसगढ़ में धीमी पड़ सकती है मानसून की रफ्तार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मानसून की प्रगति के लिए बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत मौसम प्रणाली की आवश्यकता होती है, जो फिलहाल सक्रिय नहीं है। ऐसे में इन राज्यों में मानसून की एंट्री सामान्य से कुछ देर से हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच प्रवेश कर सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों में जल्द पहुंचेगा मानसून
आईएमडी का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में मानसून असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। वहीं अगले 10 दिनों में बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।
प्री-मानसून गतिविधियां तेज
गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में आंधी और बारिश का दौर बना हुआ है। कई राज्यों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कुछ राज्यों में अब भी गर्मी का असर
एक ओर जहां प्री-मानसून बारिश से कई राज्यों में तापमान में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, वहीं आंध्र प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। ओडिशा के आठ शहरों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी, कानपुर, बांदा और प्रयागराज में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा।
अगले दो दिनों का मौसम
6 जून
- केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना।
- ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बारिश।
- मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना।
7 जून
- दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने के आसार।
- पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का अनुमान।
- बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी मौसम खराब रह सकता है।
राज्यों में अलर्ट
राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड और पंजाब समेत कई राज्यों में तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ने के कारण यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

