Tuesday, June 9, 2026
HomeVideosफिलीपींस में 7.8 तीव्रता से कांपी धरती, ताश के पत्तों की तरह...

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता से कांपी धरती, ताश के पत्तों की तरह ढह गईं इमारतें, 3 की मौत, सुनामी का खतरा, कई देशों में अलर्ट

Anmol Sandesh News Desk, मनीला

फिलीपींस में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई। भूकंप के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया और जापान के तटीय क्षेत्रों में सुनामी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे आया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास था। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग घरों और कार्यालयों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

3 मीटर तक ऊंची लहरों की चेतावनी

पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने चेतावनी दी है कि फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठ सकती हैं। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों में 1 मीटर तक ऊंची लहरों का खतरा जताया गया है। जापान के दक्षिणी तटीय इलाकों में भी सुनामी एडवाइजरी जारी की गई है।

37 इमारतें क्षतिग्रस्त, कई इलाकों में बिजली गुल

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक भूकंप में 5 लोग घायल हुए हैं और कम से कम 37 इमारतों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित संरचनाओं में दुकानें, कार्यालय और व्यावसायिक भवन शामिल हैं। जनरल सैंटोस सिटी समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है।सरंगानी प्रांत के अलाबेल कस्बे में पुलिस स्टेशन की इमारत में दरारें आ गई हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में महसूस किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया है।

भूकंप के बाद 138 आफ्टरशॉक

फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) के अनुसार मुख्य भूकंप के बाद सुबह 11 बजे तक 138 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही।विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े भूकंप के बाद आफ्टरशॉक आना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन ये पहले से क्षतिग्रस्त इमारतों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। कई बार आफ्टरशॉक दिनों, हफ्तों या महीनों तक जारी रहते हैं।

राष्ट्रपति ने दिए राहत-बचाव के निर्देश

फिलीपींस के राष्ट्रपति Ferdinand Marcos Jr. ने सभी सरकारी एजेंसियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और आपदा प्रबंधन एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है फिलीपींस

फिलीपींस, इंडोनेशिया और जापान प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित हैं, जिसे दुनिया का सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है। यहां टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियों के कारण अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं।उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2025 में फिलीपींस के सेबू प्रांत में आए 6.9 तीव्रता के भूकंप में 69 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 लोग घायल हुए थे। वर्तमान भूकंप को भी हाल के वर्षों की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना जा रहा है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular