Saturday, June 13, 2026
HomeVideosदेशभर में बदला मौसम का मिजाज:दिल्ली में 70 KMPH की रफ्तार से...

देशभर में बदला मौसम का मिजाज:दिल्ली में 70 KMPH की रफ्तार से चली आंधी, 22 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट; बिहार में बिजली गिरने से 10 की मौत

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली

देशभर में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके असर से कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार देर रात तेज आंधी और हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। वहीं बिहार में आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में आधी रात को चली तेज आंधी

गुरुवार रात दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी, हालांकि कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी खबरें सामने आईं।

बिहार में बिजली का कहर, 10 लोगों की मौत

बिहार के 12 जिलों में गुरुवार को तेज आंधी और बारिश हुई। खराब मौसम के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की जान चली गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।

17 राज्यों तक पहुंचा मानसून

4 जून को केरल में दस्तक देने के बाद मानसून अब तक 17 राज्यों तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में मानसून के झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।हालांकि मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मानसून की रफ्तार फिलहाल थोड़ी धीमी बनी हुई है।

राजस्थान में धूल भरी आंधी, दक्षिण भारत में हीटवेव

मौसम विभाग ने राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है। वहीं तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।कोंकण, गोवा, कर्नाटक और केरल के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और उमस भरे मौसम की संभावना जताई गई है।

अल नीनो ने बढ़ाई चिंता

अमेरिकी मौसम एजेंसी NOAA ने अल नीनो की स्थिति बनने की पुष्टि की है। वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर के बढ़ते तापमान के कारण अल नीनो सक्रिय हो गया है।विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह अल नीनो 1997 के रिकॉर्ड अल नीनो जितना शक्तिशाली या उससे भी अधिक प्रभावशाली हो सकता है। एजेंसी के मुताबिक 63 प्रतिशत संभावना है कि यह 1950 के बाद के सबसे मजबूत अल नीनो घटनाक्रमों में शामिल हो सकता है।

अगले कुछ दिन अहम

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई राज्यों में तेज हवाएं, आंधी और भारी बारिश देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular