Anmol Sandesh News Desk,आजमगढ़
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष Akhilesh Yadav की बेटी को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जा सकती, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल या परिवार से जुड़ी हो।
‘बेटी किसी की भी हो, सम्मान सबका दायित्व‘
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,”कुछ दिन पहले मैंने देखा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर गलत बातें कही जा रही थीं। जैसे ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया, मैंने तुरंत पुलिस को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। किसी भी बेटी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।”उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले में किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया और कानून के अनुसार कार्रवाई की गई।
अखिलेश समर्थकों को भी दी नसीहत
सीएम योगी ने इस दौरान समाजवादी पार्टी और उसके समर्थकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरों को मर्यादा और शिष्टाचार का पाठ पढ़ाने वालों को अपने समर्थकों की भाषा और व्यवहार पर भी ध्यान देना चाहिए।उन्होंने कहा,”अखिलेश जी, आप दूसरों को उपदेश देते हैं, लेकिन अपने समर्थकों से भी कहिए कि वे अपनी भाषा में संयम बरतें।”
‘नहीं समझे तो हमारे हवाले कर दो‘
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने कहा,”दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने चेले-चपाटों को समझा दो। अगर नहीं समझे तो हमारे हवाले कर दो।”
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर AI तकनीक का उपयोग कर अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव की तस्वीरों को लेकर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थीं। मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं और समर्थकों ने कड़ी आपत्ति जताई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला सम्मान पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बेटियों के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक कई योजनाएं लागू की हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
