Anmol Sandesh News Desk, मुंबई/ठाणे
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। बदलापुर के पास तेज रफ्तार BMW कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा इतना भीषण था कि लग्जरी BMW कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का इंजन दुर्घटनास्थल से करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
251 KM/H की स्पीड का वीडियो जांच के दायरे में
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे से कुछ समय पहले कार में मौजूद युवकों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें BMW को करीब 251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाते हुए रिकॉर्ड किया गया था। पुलिस अब इस वीडियो की जांच कर रही है और आशंका जता रही है कि तेज रफ्तार और स्टंटबाजी हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे युवक-युवती
मृतकों की पहचान योगेश नेगी (26) और रेबेका जैकब (24) के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के बांद्रा क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस के अनुसार योगेश का जन्मदिन था और शनिवार शाम को वह अपने दोस्तों के साथ बदलापुर में पार्टी मनाने गया था।पार्टी के बाद योगेश, रेबेका और BMW मालिक अंगद एक्सप्रेस-वे से वापस लौट रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को लगभग 9 हजार रुपए का रेस्टोरेंट बिल भी मिला है, जिससे पार्टी की पुष्टि हुई है।
डिवाइडर से टकराकर हवा में उछली कार
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि एक्सप्रेस-वे पर लगाए गए कंक्रीट बैरिकेड्स से बचने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण BMW सीधे डिवाइडर से टकराई और टक्कर के बाद हवा में उछलकर डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच जाकर फंस गई।हादसे की भयावहता का अंदाजा कार की हालत देखकर लगाया जा सकता है, जो पूरी तरह पिचक चुकी थी।

चश्मदीदों ने सुनाई हादसे की दहला देने वाली कहानी
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले BMW कई बार बेहद तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ती दिखाई दी थी।एक चश्मदीद ने बताया, “रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कार दो बार बहुत तेज रफ्तार से गुजरी। तीसरी बार अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि कार पूरी तरह तबाह हो चुकी थी। एक युवती काफी दूर जाकर गिरी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा था।”
अस्पताल में भर्ती है चालक
हादसे में घायल BMW मालिक और चालक अंगद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वह फिलहाल कल्याण स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया वीडियो, सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि सड़क पर रफ्तार का रोमांच कुछ सेकंड में जिंदगी छीन सकता है।
