Thursday, June 25, 2026
HomeVideosदेशभर में तेजी से बदल रहा मौसम का मिजाज ,मानसून की दस्तक...

देशभर में तेजी से बदल रहा मौसम का मिजाज ,मानसून की दस्तक से मुंबई बेहाल, कई राज्यों में बारिश-आंधी का असर,MP-UP में 2-3 दिन में पहुंचेगा मानसून

Anmol Sandesh News Desk,दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ मुंबई में मानसून की एंट्री ने पहले ही दिन जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और हरियाणा समेत कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच सकता है।

मुंबई में 24 घंटे की बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

मानसून की एंट्री के बाद मुंबई में बीते 24 घंटे के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई। मलवणी फायर स्टेशन क्षेत्र में 334 मिमी और एफ/साउथ वार्ड में 328 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा शहर के 27 इलाकों में 200 से 300 मिमी के बीच वर्षा हुई।भारी बारिश के चलते अंधेरी सब-वे में जलभराव हो गया, जिसके बाद उसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। विक्रोली वेस्ट में एक रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल ढह गई। कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जिनकी चपेट में आने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग ने मुंबई और पालघर के लिए रेड अलर्ट, जबकि ठाणे, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बिहार में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत

बिहार में मंगलवार को आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया। भागलपुर समेत पांच जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरपुर में भीषण गर्मी को देखते हुए आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को 27 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

MP-UP समेत 7 राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी

बारिश की गतिविधियों के बावजूद मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।देश में सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.3°C दर्ज किया गया। इसके अलावा बिहार के बोधगया में 40.8°C, राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में 40.8°C, झारखंड के डाल्टनगंज में 41.2°C, गुजरात के राजकोट में 40.5°C तथा मध्य प्रदेश के खजुराहो में 40.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मध्य प्रदेश: दो दिन में मानसून की दस्तक संभव

मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून प्रवेश कर सकता है। मंगलवार को धार, इंदौर, नर्मदापुरम, पांढुर्ना, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, बड़वानी और बालाघाट सहित 15 जिलों में बारिश दर्ज की गई। बालाघाट में 38.1 मिमी और रायसेन में 19 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उत्तर प्रदेश: बारिश और हीटवेव साथ-साथ

उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में तेज गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के 38 जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.8°C तक पहुंच गया।

राजस्थान: 20 जिलों में यलो अलर्ट

राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। बीकानेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि जयपुर में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने जयपुर सहित 20 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

हरियाणा: 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में मौसम बदल गया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।

अगले 48 घंटे का मौसम अपडेट

25 जून

  • असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
  • सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा।
  • आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की चेतावनी।
  • मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में हीटवेव का अलर्ट।

26 जून

  • असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश।
  • सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट।
  • आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज वर्षा की संभावना।
  • मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार चौथे दिन हीटवेव की चेतावनी।

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है। जहां एक ओर मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं मध्य भारत और उत्तर भारत के कई राज्यों को मानसून का इंतजार है। अगले कुछ दिनों में बारिश और गर्मी दोनों का दोहरा असर देखने को मिल सकता है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular