Saturday, July 4, 2026
Homeअन्य राज्यदेशभर में मानसून का कहर,हिमाचल में लैंडस्लाइड, गुजरात में जलभराव, उज्जैन के...

देशभर में मानसून का कहर,हिमाचल में लैंडस्लाइड, गुजरात में जलभराव, उज्जैन के मंदिर डूबे, लखनऊ में घरों में पानी घुसा,केदारनाथ यात्रा पर असर !

Anmol Sandesh News Desk,दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश से लेकर गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड तक बारिश ने तबाही मचाई है। कहीं भूस्खलन से सड़कें बंद हो गई हैं तो कहीं शहरों में जलभराव से लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है।

हिमाचल प्रदेश: लैंडस्लाइड से नेशनल हाईवे बाधित

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के चोलिंग क्षेत्र में गुरुवार रात हुई भारी बारिश के बाद बड़ा भूस्खलन हुआ। मलबा नेशनल हाईवे पर आ गया, जिससे दो वाहन दब गए। प्रदेश में फिलहाल 49 सड़कें बंद हैं और कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित है।

उत्तर प्रदेश: घरों में घुसा पानी

शुक्रवार तड़के लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, जालौन समेत कई शहरों में तेज बारिश हुई। कई निचले इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया। पूरे प्रदेश के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 11 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश: उज्जैन में क्षिप्रा उफान पर

मध्य प्रदेश में मानसून समय से पहले पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है। उज्जैन में क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट के पास स्थित मंदिर जलमग्न हो गए। मौसम विभाग ने खंडवा और हरदा में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, बुरहानपुर और बैतूल में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश का अनुमान है।

गुजरात: सड़कें बनीं तालाब

गुजरात के वलसाड में लगातार बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूब गईं। जलभराव के चलते कई वाहन बीच सड़क में बंद हो गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजस्थान: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में मानसून 13 जिलों तक पहुंच चुका है। जयपुर में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने कोटा, बारां और झालावाड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड: चारधाम मार्ग पर खतरा

रुद्रप्रयाग, चमोली समेत कई जिलों में लगातार भूस्खलन हो रहा है। बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर पत्थर और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षा के मद्देनज़र केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।

अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान

4 जुलाई

  • छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना।
  • बिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
  • मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा और तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

5 जुलाई

  • आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी।
  • असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान।
  • सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular