Anmol Sandesh News Desk,वॉशिंगटन/तेहरान
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर समझौता अब खत्म हो चुका है। ट्रंप ने कहा कि ईरान से अब कोई बातचीत या समझौता नहीं होगा।ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव फिर बढ़ गया है। इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के 80 से ज्यादा ठिकानों पर हवाई हमले किए जाने का दावा किया था।

ट्रंप का दावा- “ईरान ने झूठ बोला”
ट्रंप ने कहा कि ईरान ने उनसे झूठ बोला, जिसके बाद आगे बातचीत की कोई संभावना नहीं बची है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियारों से दूर रखने के लिए कार्रवाई करेगा।अमेरिकी राष्ट्रपति ने ताजा हमलों को लेकर कहा कि अमेरिकी सेना ने बेहद ताकतवर कार्रवाई की और ईरान के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरान ने भी दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिका के बयान के बाद ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। ईरान ने कहा कि वह किसी भी स्थिति के लिए तैयार है और अमेरिका पर भरोसा नहीं किया जा सकता।ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के मामले में विश्वासघात किया है और अब वह अपनी सुरक्षा के लिए हर कदम उठाएगा।
दुनिया की नजर होर्मुज संकट पर
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है।दोनों देशों के सख्त बयानों के बाद आशंका बढ़ गई है कि हालिया सीजफायर के बाद एक बार फिर सैन्य टकराव शुरू हो सकता है।
