Friday, July 10, 2026
Homeअन्य राज्यपहली बार भारत में खेला जाएगा विदेशी क्रिकेट लीग का मुकाबला, चेन्नई...

पहली बार भारत में खेला जाएगा विदेशी क्रिकेट लीग का मुकाबला, चेन्नई में होगा BBL का ओपनिंग मैच,पीएम मोदी ने किया ऐलान !

Anmol Sandesh News Desk,ऑकलैंड

भारत और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की मशहूर बिग बैश लीग (BBL) का पहला मुकाबला इस बार भारत में खेला जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ऐलान किया कि 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में BBL का ओपनिंग मैच आयोजित होगा।यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मुकाबला भारत की धरती पर खेला जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इसे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में अपनी लीग को विस्तार देने की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है।

BBL के 15 साल के इतिहास में पहली बार बड़ा बदलाव

बिग बैश लीग के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब इसका कोई मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से बाहर आयोजित किया जाएगा।ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस साल 12 दिसंबर को चेन्नई में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा।यह मैच सप्ताहभर चलने वाले ‘G’Day Namaste’ फेस्टिवल की शुरुआत करेगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खेल, संस्कृति और व्यापार से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स सहयोग को नई दिशा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एंथनी अल्बनीज ने भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप की शुरुआत की है।

इसके तहत दोनों देश:

  • खेल विज्ञान
  • बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी
  • खेल इंफ्रास्ट्रक्चर
  • पर्यटन और निवेश

जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में किसी भी खेल लीग के आयोजन से उसे करोड़ों दर्शकों तक पहुंच और नई लोकप्रियता मिलती है।

क्रिकेट दोनों देशों का साझा जुनून: पीएम मोदी

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि दोनों देशों का साझा जुनून है।उन्होंने कहा कि MCG का नाम आते ही भारतीयों को भारत-ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक मुकाबले याद आ जाते हैं।पीएम ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव वॉ और पूर्व महिला क्रिकेटर लिसा स्थालेकर की भी तारीफ की और कहा कि चैंपियन बनने के लिए प्रतिभा के साथ सही सोच और लगातार मेहनत जरूरी है।

2036 ओलंपिक की तैयारी पर भी फोकस

पीएम मोदी ने कहा कि भारत वर्ष 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयास कर रहा है।वहीं ऑस्ट्रेलिया वर्ष 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक की मेजबानी करेगा। ऐसे में दोनों देश बड़े खेल आयोजनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी सहयोग बढ़ा सकते हैं।

पीएम मोदी न्यूजीलैंड रवाना, 40 हजार भारतीयों को करेंगे संबोधित

ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। यह उनके छह दिवसीय विदेश दौरे का अंतिम चरण है।न्यूजीलैंड में पीएम मोदी सरकार के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी।इसके बाद ऑकलैंड में प्रधानमंत्री करीब 40 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी की यह पहली न्यूजीलैंड यात्रा है। करीब 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड पहुंच रहा है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम समेत कई समझौते

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, अंतरिक्ष और महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़े कई समझौते हुए।दोनों देशों के बीच यूरेनियम सप्लाई डील पर भी सहमति बनी है, जिसे ऊर्जा सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इंडोनेशिया दौरे में भी कई बड़े समझौते

इससे पहले पीएम मोदी ने इंडोनेशिया के जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित किया था। भारत और इंडोनेशिया के बीच कई क्षेत्रों में समझौते हुए।इंडोनेशिया ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मानों में से एक से सम्मानित भी किया। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाते हुए ब्रह्मोस मिसाइल सौदे पर भी चर्चा हुई।BBL मैच का भारत में आयोजन सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि भारत-ऑस्ट्रेलिया के बढ़ते रणनीतिक और सांस्कृतिक रिश्तों का भी बड़ा प्रतीक माना जा रहा है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular