Anmol Sandesh News Desk,ऑकलैंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए करीब 25-30 साल पुराना एक भावुक किस्सा साझा किया और बताया कि न्यूजीलैंड से मिला एक मफलर आज भी उनके पास सुरक्षित है।पीएम मोदी ने कहा कि जब वह करीब तीन दशक पहले न्यूजीलैंड आए थे, तब वह किसी सरकार का हिस्सा नहीं थे। उस दौरान उन्हें किसी ने उपहार में मफलर, कैप और दस्ताने का एक सेट दिया था। उन्होंने बताया कि इनमें से मफलर को उन्होंने कई बार इस्तेमाल किया और आज भी संभालकर रखा है।

“देश की जनसंख्या नहीं, जनकल्याण की भावना मायने रखती है”
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के लिए किसी देश की ताकत सिर्फ उसकी जनसंख्या से तय नहीं होती, बल्कि वहां के लोगों की जनकल्याण की भावना और सोच ज्यादा महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि भारत ने न्यूजीलैंड से बहुत कुछ सीखा है और आगे भी सीखता रहेगा। पीएम ने न्यूजीलैंड की उपलब्धियों और उसकी लोकतांत्रिक परंपराओं की भी सराहना की।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच 18 बड़े फैसले, 10 समझौतों पर हस्ताक्षर
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक के दौरान—
- 8 बड़े फैसलों पर सहमति बनी
- 10 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए
- वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया
दोनों देशों ने व्यापार बढ़ाकर करीब 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।

PM मोदी के भाषण की 4 बड़ी बातें
1. “यह कोलेब का जमाना है, दोनों देश साथ मिलकर आगे बढ़ सकते हैं”
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दौर सहयोग और साझेदारी का है। उन्होंने खेलों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड रग्बी जैसे खेलों में भी साथ काम कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि भारत रग्बी में न्यूजीलैंड से सीखना चाहता है और इसके लिए कोच व विशेषज्ञों की मदद चाहता है।
2. “चंद्रयान की लैंडिंग पर न्यूजीलैंड भी खुश हुआ था”
पीएम मोदी ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि जब भारत का चंद्रयान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचा, तब न्यूजीलैंड में भी लोगों ने खुशी मनाई थी।उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में दोनों देशों की कंपनियां कई बार साथ काम कर चुकी हैं और आने वाले समय में यह सहयोग और बढ़ेगा।
3. “हजारों किलोमीटर दूर रहकर भी दिल में हिंदुस्तान बसता है”
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विदेश में रहने वाले भारतीय भले ही हजारों किलोमीटर दूर हों, लेकिन उनका दिल हमेशा भारत से जुड़ा रहता है।उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय भारत की हर उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हैं और देश की प्रगति पर नजर रखते हैं।
4. न्यूजीलैंड की लोकतांत्रिक परंपराओं की तारीफ
पीएम मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड ने दुनिया को कई महत्वपूर्ण उदाहरण दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह वही देश है जिसने सबसे पहले महिलाओं को मतदान का अधिकार दिया था।
भारत रवाना हुए पीएम मोदी
ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।पीएम मोदी के पुराने मफलर के किस्से से लेकर दोनों देशों के बीच हुए समझौतों तक, न्यूजीलैंड दौरा कई वजहों से चर्चा में बना हुआ है।

