Saturday, July 11, 2026
Homeटॉप न्यूज़Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम में टूरिस्ट बोट पलटी, 15 भारतीय पर्यटकों की...

Vietnam Boat Tragedy: वियतनाम में टूरिस्ट बोट पलटी, 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, 32 भारतीय थे सवार,हेल्पलाइन नंबर जारी,ज्यादातर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पर्यटक !

Anmol Sandesh News Desk,हनोई/वियतनाम

वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों से जुड़ा एक बड़ा हादसा हो गया। पर्यटकों को द्वीप भ्रमण पर ले जा रही एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।रिपोर्टों के अनुसार, नाव में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर शामिल थे। बताया जा रहा है कि मृतकों और यात्रियों में अधिकांश तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं।

द्वीप घूमने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, टूरिस्ट बोट पर्यटकों को होन मे रुट क्षेत्र से न्गोआई द्वीप घुमाने ले जा रही थी। यह नाव तट से करीब 400 मीटर पहले ही अचानक पलट गई।न्गोआई द्वीप अपने साफ समुद्र, सफेद रेतीले बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए दुनिया भर के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है।

ऊंची लहरें बनीं हादसे की वजह?

स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।कुछ शुरुआती रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि कई पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के समय मौसम सामान्य बताया गया।

21 लोगों को बचाया गया, दो की हालत गंभीर

रेस्क्यू टीम ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, मृतकों के शवों को भी बरामद कर लिया गया है।

भारतीय दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम

हादसे के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जा रही है।

हेल्पलाइन नंबर

📞 +84 36 281 7930
📞 +84 91 552 3714
📞 +84 33 452 0414

इन नंबरों पर संपर्क कर यात्री और उनके परिजन घटना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

जांच जारी

स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी और मौसम संबंधी पहलुओं की जांच की जा रही है।विदेश में भारतीय पर्यटकों के साथ हुई इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर दिया है। राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular