Anmol Sandesh News Desk,कोलकाता
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एक पत्थर कारोबारी से जुड़े ठिकाने पर छापेमारी कर 28.5 करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी और करीब 15 किलो सोना बरामद किया है। बरामद कैश और सोने की कुल कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

नोटों की गिनती में खराब हुईं 5 मशीनें
पुलिस को छापेमारी के दौरान घर से भारी मात्रा में नकदी मिली। रकम इतनी ज्यादा थी कि नोट गिनने के लिए लगाई गईं 5 करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं।शुरुआत में पुलिस को करीब 20 करोड़ रुपये कैश मिला था, लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद यह रकम बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। बरामद नकदी को लोहे के बक्सों में भरकर थाने लाया गया, जिसके बाद इसे बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
15 किलो सोना भी बरामद
छापेमारी में पुलिस को बड़ी मात्रा में सोना भी मिला। इसमें 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इस सोने की अनुमानित कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये है।
आरोपी गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने इस मामले में मिनार मंडल को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था और बाद में पत्थर कारोबार से जुड़ गया।पुलिस के अनुसार, वह फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का मैनेजर और रिश्तेदार है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि बरामद नकदी और सोना तुलु मंडल का है।
कहां से आया करोड़ों का पैसा? जांच जारी
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम और सोना कहां से आया। पुलिस को शक है कि यह पैसा पत्थर खदानों से जुड़े कारोबार और कथित अवैध वसूली से जुड़ा हो सकता है।तुलु मंडल पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रह चुका है। हालांकि, पुराने मामलों में आरोपों पर अंतिम न्यायिक फैसला आना बाकी है।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
इतनी बड़ी बरामदगी के बाद बंगाल की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। अलग-अलग राजनीतिक दल इस मामले को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की मांग कर रहे हैं।
100 करोड़ की शादी भी चर्चा में
कार्रवाई के बाद तुलु मंडल की बेटी की वर्ष 2024 में हुई आलीशान शादी भी फिर चर्चा में आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शादी में करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही गई थी, जिसमें फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं।फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां करोड़ों की इस बरामदगी के पीछे की पूरी कहानी सामने लाने में जुटी हैं।



