मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के एक PM श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षिका पर कक्षा 6 के छात्र-छात्राओं से कथित तौर पर आपत्तिजनक और अनुचित बातें करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बच्चों और अभिभावकों की शिकायत के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसके बाद शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया।
बच्चों ने शिकायत में लगाए गंभीर आरोप
मामला जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कुंडाली कलां स्थित स्कूल का बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, शिक्षिका उमा शर्मा कथित तौर पर कक्षा में बच्चों के सामने रिश्तों और डेटिंग को लेकर आपत्तिजनक बातें करती थीं।बच्चों की शिकायत में शिक्षिका द्वारा कथित तौर पर “चार-पांच बॉयफ्रेंड बना लो…” जैसी बातें कहे जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा डेट पर जाने और प्रेम संबंधों से जुड़ी अन्य टिप्पणियां करने की भी शिकायत सामने आई है।
बच्चों को धमकाने का भी आरोप
मामला सिर्फ आपत्तिजनक टिप्पणियों तक सीमित नहीं है। अभिभावकों की शिकायत में शिक्षिका पर बच्चों को डराने और धमकाने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।शिकायत के मुताबिक, शिक्षिका ने कथित तौर पर बच्चों से अपने प्रभाव और पुलिस से संबंध होने की बात कहते हुए डराने वाली बातें कहीं। इससे छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बनने का आरोप है।
शिकायत के बाद हुई विभागीय जांच
बच्चों और अभिभावकों की लिखित शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की विभागीय जांच कराई। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद शिक्षिका के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए, जिसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।स्कूल के प्राचार्य दिनेश शर्मा के अनुसार, अभिभावकों ने लिखित शिकायत देकर शिक्षिका के व्यवहार और कथित टिप्पणियों की जानकारी दी थी।
बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
कक्षा 6 के छात्र-छात्राओं से जुड़े इस मामले ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों के आचरण और संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है और मामले से जुड़े आरोपों के आधार पर आगे की विभागीय प्रक्रिया जारी रह सकती है।
