Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली
देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश अब आफत बनती जा रही है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश, बाढ़, जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित है। कई जगह सड़कें बंद हैं तो कहीं नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं।
MP के राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, 9 की मौत
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन पुल से एक ईको वैन नाले में बह गई। हादसा पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हुआ।वैन में 11 लोग सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए।बताया जा रहा है कि तेज बारिश के कारण नाले का पानी निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहा था। अंधेरे में अधूरा पुल दिखाई नहीं देने के कारण वाहन नाले में जा गिरा। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात, 30 बच्चे स्कूल में फंसे
राजस्थान के झालावाड़ में कालीसिंध बांध के गेट खोले जाने के बीच कई इलाकों में पानी घुस गया। मनोहर थाना के झीकनी गांव स्थित सरकारी स्कूल में पानी भरने से 30 से ज्यादा विद्यार्थी फंस गए। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।वहीं जयपुर के कानोता और झालावाड़ का कालीखाड़ डैम ओवरफ्लो होने की खबर है।बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया, जबकि बाड़मेर में कई प्रमुख इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी पहुंच गया। कई दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया।
UP में गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के आसपास या ऊपर बह रही हैं।फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है। कई सड़कें डूब गई हैं और करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं।वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों तक पानी पहुंच गया है। काशी विश्वनाथ मंदिर का मुख्य गंगा द्वार बंद किए जाने की जानकारी है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्ते भी जलमग्न हैं।
हिमाचल में 124 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण 124 सड़कें बंद हैं और 255 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं।मंडी में सबसे ज्यादा 51 सड़कें, कुल्लू में 39 और शिमला में 13 सड़कें बंद हैं।इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक 155 लोगों की मौत की जानकारी दी गई है, जिनमें 68 मौतें आपदा से जुड़ी घटनाओं और 87 सड़क हादसों में हुई हैं।

सिक्किम में NH-10 पर मलबा
सिक्किम के बारदांग में रातभर हुई बारिश के बाद 20 माइल के पास NH-10 पर मलबा आ गया, जिससे सड़क बंद हो गई। NH-10 सिक्किम को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।सड़क खोलने के लिए प्रशासन और संबंधित टीमें मौके पर काम कर रही हैं।
MP, उत्तराखंड, हरियाणा और बिहार में भी अलर्ट
- MP: 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; भोपाल में रातभर बारिश और कई इलाकों में जलभराव।
- उत्तराखंड: सभी जिलों में बारिश, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट।
- हरियाणा: 13 अगस्त तक बारिश का दौर, 10, 11 और 13 अगस्त को कुछ जगह भारी बारिश की संभावना।
- बिहार: 12 जिलों में येलो अलर्ट, करीब 40 किमी/घंटे की तेज हवाओं की संभावना।
- राजस्थान: 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट।
- उत्तर प्रदेश: सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट, ललितपुर और महोबा में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी।
प्रशासन की अपील
लगातार बारिश और बाढ़ के बीच लोगों से नदियों, नालों, पुलों और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। तेज बहाव वाले पानी में वाहन लेकर जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन । देश के कई राज्यों में मानसून ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं ।
