Sunday, August 30, 2026
Homeअन्य राज्यMann Ki Baat: ‘नशा मुक्त युवा, ड्रग फ्री इंडिया’... मन की बात...

Mann Ki Baat: ‘नशा मुक्त युवा, ड्रग फ्री इंडिया’… मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी की युवाओं से खास अपील, बोले- बनाएं जागरूकता वाले गाने और नाटक

Anmol Sandesh News Desk, दिल्ली

Mann Ki Baat 137th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात’ के 137वें एपिसोड में युवाओं, नशा मुक्ति, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण जैसे कई अहम मुद्दों पर बात हुई। पीएम मोदी ने युवाओं से सोशल मीडिया और क्रिएटिव प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए करने की अपील की।

नशे के खिलाफ युवा बनाएं कंटेंट

पीएम मोदी ने नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इसका लक्ष्य साफ है—नशा मुक्त युवा और ड्रग फ्री इंडिया। उन्होंने कहा कि नशे की लत सिर्फ एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसके दुष्परिणाम पूरे परिवार और समाज को भी झेलने पड़ते हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशा मुक्ति को लेकर मजबूत नारे, जागरूकता वाले वीडियो, संगीत और क्रिएटिव कंटेंट तैयार करें। उन्होंने युवाओं और कलाकारों से सवाल किया कि क्या युवा संगीतकार ड्रग्स मुक्त जिंदगी का संदेश देने वाले गाने बना सकते हैं? क्या छात्र और थिएटर ग्रुप नशे के खतरों और उससे बाहर निकलने का रास्ता बताने वाले प्रभावी नाटक तैयार कर सकते हैं? पीएम मोदी ने उन लोगों की भी सराहना की, जो ड्रग्स के खिलाफ समाज को जागरूक करने और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।

इतिहास को जानने के लिए वेबसाइट का जिक्र

पीएम मोदी ने युवाओं को भारत के इतिहास को आसानी से समझने के लिए bharatrajya.com वेबसाइट देखने की अपील की। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर किसी एक वर्ष का चयन करने पर यह जानकारी मिल सकती है कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों में किसका शासन था। प्रधानमंत्री ने युवाओं से इतिहास को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखने और डिजिटल माध्यमों से भी इसे समझने की अपील की।

PM स्वनिधि से महिलाओं को मिल रही ताकत

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने PM स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों माताओं-बहनों को इस योजना से नई ताकत मिल रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के इस पहलू को और अधिक चर्चा में लाने की जरूरत बताई। पीएम मोदी के मुताबिक, PM स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं, यानी लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।

यूपी के आकाश और रोहन की पीएम मोदी ने की तारीफ

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के दो युवाओं—आकाश और रोहन—का भी उदाहरण दिया। दोनों दोस्तों ने अपने आसपास गंदगी देखी तो खुद सफाई अभियान शुरू किया। उन्होंने कचरे के बैग उठाए और सफाई के लिए निकल पड़े। धीरे-धीरे गांव के दूसरे युवा भी उनके साथ जुड़ते गए और क्लीन-अप पटवाई’ नाम से एक टीम तैयार हो गई। पीएम मोदी ने बताया कि यह युवा टीम अब तक चार गंगा घाटों की सफाई कर चुकी है और एक टन से ज्यादा प्लास्टिक कचरा हटा चुकी है।

अमरनाथ यात्रा में भी दिखी स्वच्छता की मिसाल

पीएम मोदी ने श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान चलाए गए स्वच्छता अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कठिन रास्तों पर हजारों स्वच्छता कर्मी दिन-रात सेवा में जुटे रहे। इस वर्ष यात्रा के दौरान 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरा कलेक्ट और प्रोसेस किया गया। इसके साथ ही 16 हजार से अधिक यात्रियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया।

पीएम मोदी का संदेश

‘मन की बात’ में पीएम मोदी का संदेश साफ रहा—युवा सिर्फ नशे से दूर रहें ही नहीं, बल्कि समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने की मुहिम का हिस्सा भी बनें। संगीत, सोशल मीडिया, थिएटर और दूसरे क्रिएटिव माध्यमों के जरिए नशा मुक्ति का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular