Sunday, August 30, 2026
Homeअन्य राज्यUP News: अब नहीं चलेगी फाइलें दबाने की आदत! CM योगी का...

UP News: अब नहीं चलेगी फाइलें दबाने की आदत! CM योगी का सख्त फरमान, 5 साल पुराने मामलों पर चलेगा अभियान

Anmol Sandesh News Desk, लखनऊ

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। जमीन, संपत्ति और अधिकारों से जुड़े मामलों को वर्षों तक लंबित रखने की प्रवृत्ति पर सीएम योगी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब सिर्फ तारीख पर तारीख देने से काम नहीं चलेगा, मामलों का वास्तविक समाधान करना होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पांच साल से अधिक पुराने राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर अभियान चलाकर जल्द निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को अपनी जमीन और संपत्ति से जुड़े मामलों के लिए वर्षों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

फाइल लंबित रखी तो होगी जवाबदेही

शनिवार देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, जन शिकायतों, राजस्व मामलों, आगामी त्योहारों की तैयारियों और बाढ़ राहत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि लंबित मामलों की नियमित निगरानी की जाए और जिन मामलों में लंबे समय से कोई प्रगति नहीं हुई है, उन्हें चिह्नित कर प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए। उन्होंने साफ किया कि किसी मामले को केवल इसलिए लंबित नहीं रखा जा सकता क्योंकि उसकी सुनवाई की अगली तारीख तय हो गई है। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया गया।

शिकायत बंद करने से पहले करना होगा असली समाधान

मुख्यमंत्री ने जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की संख्या कम दिखाना सरकार की प्राथमिकता नहीं है, बल्कि लोगों की समस्याओं का वास्तविक और स्थायी समाधान करना लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि केवल कागजों पर कार्रवाई दिखाकर शिकायत बंद करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।यदि किसी शिकायत को गलत रिपोर्ट के आधार पर बंद किया गया है या शिकायतकर्ता कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है, तो ऐसे मामलों की दोबारा जांच कराई जाएगी। संबंधित जिलाधिकारी या पुलिस अधीक्षक से पांच दिन के भीतर जवाब मांगा जाएगा।

महिला और बाल अपराधों पर तुरंत कार्रवाई

सीएम योगी ने महिला और बाल अपराधों के मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और प्रशासन को पीड़ितों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा कानून के अनुसार प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

माफिया और तस्करी के खिलाफ जारी रहेगा एक्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अपराध और माफिया गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को लगातार जारी रखने का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को तस्करी, धर्मांतरण और धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं को लेकर 24×7 सतर्क रहने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में किसी भी तरह की देरी स्थिति को बिगाड़ सकती है, इसलिए सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बाढ़ राहत कार्यों पर भी नजर

समीक्षा बैठक में प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी बनाए रखने तथा प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

CM योगी का साफ संदेश

मुख्यमंत्री के निर्देशों से स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश सरकार अब लंबित मामलों और जन शिकायतों के निस्तारण में देरी को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के मूड में है। खासकर पांच साल से ज्यादा पुराने राजस्व मामलों को अभियान चलाकर निपटाने पर जोर दिया गया है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular