Monday, September 7, 2026
Homeअन्य राज्य‘करोंद से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में गिरे…’ बयान पर बवाल,रामेश्वर...

‘करोंद से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में गिरे…’ बयान पर बवाल,रामेश्वर शर्मा ने दी सफाई- ‘भोपाल नहीं, इस्लामाबाद के काजी कैंप की बात थी’; कांग्रेस ने साधा निशाना

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल।

भोपाल के करोंद इलाके में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान ने मध्य प्रदेश की सियासत गर्मा दी है। कार्यक्रम में विधायक के मंच से दिए गए बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। विधायक ने कहा था कि करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।’ बयान सामने आने के बाद विवाद बढ़ा तो रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका संदर्भ भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप से था। उन्होंने अपने बयान को भारत की सैन्य ताकत और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई से जोड़ते हुए कहा कि उनका निशाना आतंकवाद था।

हिंदू एकता और राष्ट्रवाद पर बोले विधायक

करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज की एकता और राष्ट्रवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता केवल मटकी फोड़ कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से जातिगत विभाजन से ऊपर उठने की अपील करते हुए कहा कि जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की पहचान को महत्व दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने देश के लिए समर्पित लोगों के सम्मान और मातृभूमि के प्रति निष्ठा को हर नागरिक का कर्तव्य बताया।

लाहौर-ढाका-इस्लामाबाद का भी किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का संदर्भ देते हुए पाकिस्तान में ‘मटकी फोड़ने’ की बात कही।

कांग्रेस ने किया विरोध

विधायक के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस मामले में सरकार का रुख स्पष्ट करने और विधायक के बयान पर कार्रवाई को लेकर जवाब देने की मांग की।हाफिज ने विधायक की सफाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान में ‘काजी कैंप’ नाम की जगह होने को लेकर स्पष्टता जरूरी है। उन्होंने कहा कि भोपाल के काजी कैंप जैसे क्षेत्र का नाम लेकर सार्वजनिक मंच से मिसाइल गिराने की बात करना गंभीर और निंदनीय है।

विधायक की सफाई के बाद भी विवाद जारी

रामेश्वर शर्मा की सफाई के बावजूद बयान को लेकर राजनीतिक बहस थमती नजर नहीं आ रही है। एक तरफ भाजपा विधायक इसे आतंकवाद और पाकिस्तान के संदर्भ में दिया गया बयान बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे भोपाल के स्थानीय क्षेत्र से जोड़कर सवाल उठा रही है।अब इस पूरे मामले में विवाद का केंद्र यही है कि विधायक के बयान का वास्तविक संदर्भ क्या था और सार्वजनिक मंच पर इस्तेमाल किए गए शब्दों को किस तरह देखा जाए। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद दोनों दलों के समर्थकों के बीच भी बयानबाजी तेज हो गई है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular