Tuesday, September 15, 2026
Homeअन्य राज्यCG Weather: छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून, धूप-छांव के बीच गरजेंगे...

CG Weather: छत्तीसगढ़ में फिर एक्टिव हुआ मानसून, धूप-छांव के बीच गरजेंगे बादल; कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

Anmol Sandesh News Desk, रायपुर

छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बस्तर और रायपुर संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 14 सितंबर 2026 को प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। कहीं तेज धूप तो कहीं काले बादल नजर आएंगे। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

धमतरी में बारिश का सबसे ज्यादा असर

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का अधिकतम तापमान रायपुर में 30.9°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20.6°C रहा। बारिश का सबसे ज्यादा असर धमतरी जिले में देखने को मिला। जल संसाधन विभाग के अनुसार, गंगरेल बांध के 6 गेट खोलकर महानदी में करीब 33,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। धमतरी के मॉडमसिल्ली बांध क्षेत्र में भी हादसा सामने आया, जहां 12 सितंबर की देर शाम गेदारापारा के रपटा के पास मछली पकड़ने के दौरान मामा-भांजे तेज बहाव में बह गए।

रायपुर संभाग में तेज बारिश की संभावना

राजधानी रायपुर, धमतरी, महासमुंद और बलौदाबाजार में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। दिन के तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही से उमस के साथ कुछ समय के लिए ठंडक महसूस हो सकती है।

बिलासपुर संभाग में घने बादल

बिलासपुर, जांजगीर, कोरबा और सूरजपुर में घने बादल छाए रहने और कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मौसम खराब हो सकता है।

दुर्ग संभाग में आंधी के साथ बारिश

दुर्ग और बेमेतरा में भी मौसम विभाग ने आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

बस्तर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

बस्तर और आसपास के दक्षिणी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश की स्थिति में नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है।

सरगुजा में भी खराब मौसम

सरगुजा, महेंद्रगढ़ और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है। सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 27°C से 32°C के बीच और न्यूनतम तापमान करीब 24°C रहने का अनुमान है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular