Wednesday, September 16, 2026
Homeअन्य राज्यT20I में बुमराह का बड़ा रिकॉर्ड: पहला ओवर मेडन डालकर रचा इतिहास,...

T20I में बुमराह का बड़ा रिकॉर्ड: पहला ओवर मेडन डालकर रचा इतिहास, 13 मेडन के साथ बने नंबर-1

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में शानदार शुरुआत करते हुए अपने नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज कर लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बुमराह ने पारी का पहला ही ओवर मेडन डाल दिया। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर टीमों के गेंदबाजों के बीच सबसे ज्यादा मेडन ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए।

13 मेडन ओवर के साथ बनाया नया रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से पहले बुमराह के नाम टी20 इंटरनेशनल में 12 मेडन ओवर थे। मुकाबले का पहला ओवर बिना कोई रन दिए पूरा करने के बाद उनके मेडन ओवर की संख्या 13 हो गई। इस तरह उन्होंने जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 12 मेडन ओवर दर्ज हैं। बुमराह ने यह उपलब्धि अपने 97वें टी20 इंटरनेशनल मैच में हासिल की। उनकी गेंदबाजी में सटीक लाइन-लेंथ और शुरुआती दबाव बनाने की क्षमता एक बार फिर देखने को मिली।

पहली बार मैच का पहला ओवर किया मेडन

बुमराह के लिए यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास रहा क्योंकि उनके टी20 इंटरनेशनल करियर में यह पहली बार था, जब उन्होंने किसी मुकाबले की पारी का पहला ओवर मेडन किया। इससे पहले वह अलग-अलग चरणों में मेडन ओवर डाल चुके थे, लेकिन पारी की शुरुआत ही मेडन से करने का कारनामा इस मैच में हुआ।

भुवनेश्वर कुमार के खास रिकॉर्ड की बराबरी

टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से पारी का पहला ओवर मेडन डालने के मामले में भुवनेश्वर कुमार सबसे आगे हैं। उन्होंने 6 बार यह उपलब्धि हासिल की है। बुमराह के इस क्लब में शामिल होने के साथ भारत के कई गेंदबाजों के नाम भी दर्ज हैं। अर्शदीप सिंह ने 2 बार पारी का पहला ओवर मेडन किया है, जबकि हरभजन सिंह, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, दीपक चाहर, मोहम्मद सिराज, आशीष नेहरा, प्रवीण कुमार और बरिंदर सरन ने एक-एक बार यह कारनामा किया है।

बुमराह की गेंदबाजी फिर बनी चर्चा का विषय

बुमराह लगातार अपनी सटीक गेंदबाजी और शुरुआती ओवरों में दबाव बनाने की क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ही ओवर में मेडन ने उनकी इसी ताकत की एक और झलक दिखाई। 13 मेडन ओवर के रिकॉर्ड के साथ बुमराह ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी एक और खास उपलब्धि दर्ज कर ली है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular