Friday, September 18, 2026
Homeअन्य राज्यWeather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, MP-UP में बारिश-आंधी; बिहार...

Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, MP-UP में बारिश-आंधी; बिहार में 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली

देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच करीब 50 लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं।

उत्तराखंड में बर्फबारी, केदारनाथ में पारा -2°C

उत्तराखंड के चमोली स्थित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओलों के साथ हल्की बर्फबारी देखने को मिली। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम ठंडा होने लगा है और केदारनाथ में सुबह तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में 21 सितंबर तक बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके बावजूद प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। गुरुवार को भोपाल, सीहोर और देवास सहित कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 21 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। सितंबर के आखिरी सप्ताह से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। प्रदेश में अब तक करीब 33.1 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।

यूपी में आंधी के बाद तेज बारिश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। कानपुर में करीब आधे घंटे तक लगभग 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई जगह पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिसके बाद तेज बारिश हुई। बरेली में भी धूलभरी आंधी चली। यहां करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बादल और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।

बिहार में बाढ़ का बड़ा असर, 50 लाख लोग प्रभावित

बिहार में बाढ़ की स्थिति अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। राज्य में करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ज्यादातर हिस्सों में उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

राजस्थान में 28 जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में शुक्रवार को 28 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को अजमेर, जयपुर समेत कई जिलों में करीब 4 इंच तक बारिश हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में दिन के तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, पूरे मानसून सीजन में राजस्थान में अब तक सामान्य से करीब 25% कम बारिश हुई है। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं और वहां तापमान अब भी 38 से 40°C के आसपास रिकॉर्ड हो रहा है।

छत्तीसगढ़ में 19 सितंबर से बढ़ सकती है बारिश

छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर हैं। पिछले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बिलासपुर में तापमान 34.6°C दर्ज किया गया।18 सितंबर को भी बारिश कम रहने का अनुमान है, लेकिन 19 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है।

19 और 20 सितंबर को कहां बारिश?

19 सितंबर: नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

20 सितंबर: छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular