Saturday, September 19, 2026
Homeअन्य राज्यपोहा-जलेबी या दाल-बाफला? राहुल गांधी ने इंदौरियों से पूछा- आज क्या खिलाएंगे,...

पोहा-जलेबी या दाल-बाफला? राहुल गांधी ने इंदौरियों से पूछा- आज क्या खिलाएंगे, शाम को ‘छात्रों की गूंज’ में होगा बड़ा कार्यक्रम

Anmol Sandesh News Desk, इंदौर

Indore Rahul Gandhi Chhatron Ki Goonj: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार, 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर इंदौर के लोगों से एक दिलचस्प सवाल पूछकर माहौल को चर्चा में ला दिया। उन्होंने पूछा कि इंदौर आने पर उन्हें पोहा-जलेबी खिलाया जाएगा या कुछ और? राहुल गांधी के इस सवाल पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी कई जवाब दिए। किसी ने कचौड़ी-समोसा, किसी ने दाल-बाटी, तो किसी ने सेव-मिक्सचर और दाल-बाफला खाने की सलाह दी।

आज शाम छात्रों की गूंज’, युवाओं से होंगे रूबरू

राहुल गांधी का कार्यक्रम शनिवार शाम इंदौर के रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी और छात्रों की समस्याओं से जुड़े विषय उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी और गायक राघव चैतन्य के परफॉर्म करने की जानकारी सामने आई है।

दोपहर 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी

कार्यक्रम के तय शेड्यूल के मुताबिक राहुल गांधी दोपहर करीब 2 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह होटल जाएंगे और शाम को कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम शाम करीब 6 बजे शुरू होने की जानकारी दी गई है।

1.5 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन का दावा

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। पार्टी की ओर से 1.5 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन होने का दावा किया गया है। बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस ने रखीं 31 सुरक्षा शर्तें

कार्यक्रम को लेकर इंदौर पुलिस ने आयोजकों के सामने 31 सुरक्षा शर्तें रखी हैं। इनमें भीड़ नियंत्रण, मंच तक पहुंच, CCTV निगरानी, मेडिकल व्यवस्था, आपातकालीन निकासी और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती और भीड़ को अलग-अलग सेक्टर में व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए हैं। सुरक्षा दस्तावेज में जस्टिस जे.एस. वर्मा आयोग की सिफारिशों का भी संदर्भ दिया गया है। पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य कार्यक्रम में आयोजकों की सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना है। इस संदर्भ को लेकर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई है, जबकि पुलिस ने इसे सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।

कार्यक्रम स्थल को लेकर भी हुआ विवाद

राहुल गांधी का कार्यक्रम पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन वहां अनुमति नहीं मिलने के बाद आयोजन स्थल को रीजनल पार्क के सामने IDA की जमीन पर स्थानांतरित किया गया। इस जमीन के निर्धारित अवधि से पहले इस्तेमाल को लेकर IDA ने कांग्रेस से करीब ₹4.03 लाख अतिरिक्त भुगतान की मांग भी की है। कांग्रेस ने इस मांग पर आपत्ति जताई है।

अब नजर राहुल गांधी के संबोधन पर

इंदौर में आज होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम से पहले उनका पोहा-जलेबी वाला सवाल सोशल मीडिया पर चर्चा में है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि मंच से राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से जुड़े किन मुद्दों को उठाते हैं और उनका संबोधन किन विषयों पर केंद्रित रहता है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular