Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। इस संगठनात्मक फेरबदल में मध्यप्रदेश के चार प्रमुख नेताओं को भी दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से जारी सूची के मुताबिक नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
गजेंद्र पटेल को झारखंड की कमान
खरगोन से सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र पटेल को झारखंड भाजपा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। झारखंड में संगठन से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी अब नई टीम संभालेगी।
अरविंद भदौरिया आंध्र प्रदेश के प्रभारी
मध्यप्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और अटेर विधायक अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ वनाथी श्रीनिवासन को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
कविता पाटीदार को राजस्थान, लाल सिंह आर्य को बंगाल
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान का सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल में उनके साथ राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा भी सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मध्यप्रदेश में भी बदला प्रदेश प्रभारी
नई सूची में मध्यप्रदेश के संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी भी बदली गई है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को मध्यप्रदेश का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि रेखा वर्मा सह-प्रभारी होंगी। इससे पहले डॉ. महेंद्र सिंह यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
देशभर में भाजपा ने बदली संगठन की जिम्मेदारियां
भाजपा ने एक साथ 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। यह बदलाव पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में व्यापक फेरबदल का हिस्सा है।
