Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली
Who is Panthoun Thirakhanon: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में थाईलैंड के गणेश भक्त पंथौन थीरखानोन का जिक्र करते हुए उनकी भक्ति और भगवान गणेश से जुड़े उनके लंबे अध्ययन की सराहना की। पीएम मोदी ने बताया कि थाईलैंड में भगवान गणेश की पूजा ‘फ्रा फिकानेत’ के रूप में भी की जाती है और वहां गणेश जी के प्रति श्रद्धा का एक मजबूत सांस्कृतिक आधार है।
19 साल की उम्र में शुरू हुई गणेश भक्ति
पंथौन थीरखानोन की गणेश भक्ति की शुरुआत करीब चार दशक पहले हुई। पीएम मोदी के मुताबिक, जब पंथौन 19 वर्ष के थे, तब उनके पिता ने उन्हें भगवान गणेश की एक तस्वीर भेंट की थी। इसी तस्वीर से उनके मन में भगवान गणेश के प्रति गहरी श्रद्धा पैदा हुई। इसके बाद उन्होंने भगवान गणेश से जुड़ी परंपराओं, प्रतिमाओं और धार्मिक मान्यताओं का लंबे समय तक अध्ययन किया। उनका महाराष्ट्र से भी विशेष जुड़ाव रहा है।
चियांग माई में बनाया ‘गणेश हिमाल म्यूजियम’
पंथौन थीरखानोन ने वर्ष 2002 में थाईलैंड के चियांग माई में गणेश हिमाल म्यूजियम की स्थापना की। इस संग्रहालय में भगवान गणेश की 10 हजार से अधिक प्रतिमाएं मौजूद होने की जानकारी पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में साझा की। यह संग्रहालय भगवान गणेश की अलग-अलग स्वरूपों और प्रतिमाओं के साथ-साथ भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी दर्शाता है।
थाईलैंड में ‘फ्रा फिकानेत’ के नाम से पूजे जाते हैं गणेश
प्रधानमंत्री ने बताया कि भगवान गणेश की आस्था केवल भारत तक सीमित नहीं है। थाईलैंड में भी गणेश जी की पूजा ‘फ्रा फिकानेत’ के रूप में की जाती है। गणेश हिमाल म्यूजियम में अष्टविनायक की प्रतिमाएं भी मौजूद हैं। यहां प्रत्येक रविवार को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाती है और समय-समय पर धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाते हैं।
भारत-थाईलैंड के सांस्कृतिक रिश्तों की मिसाल
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान गणेश के प्रति आस्था भारत से आगे भी फैली हुई है। थाईलैंड में गणेश जी को लेकर लोगों की श्रद्धा दोनों देशों के बीच पुराने सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु किसी कारण भारत नहीं आ पाते, वे थाईलैंड में मौजूद गणेश प्रतिमाओं और धार्मिक स्थलों के जरिए गणेश भक्ति से जुड़ सकते हैं।
PM मोदी ने की मंगलकामना
‘मन की बात’ में पंथौन थीरखानोन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान गणेश की महिमा और भारत-थाईलैंड की सांस्कृतिक समानताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा का आशीर्वाद सभी पर हमेशा बना रहे। पंथौन थीरखानोन की दशकों लंबी गणेश भक्ति और चियांग माई स्थित गणेश हिमाल म्यूजियम अब भारत-थाईलैंड के सांस्कृतिक जुड़ाव की एक खास मिसाल के तौर पर चर्चा में है।
