Monday, September 28, 2026
Homeअन्य राज्यCM मोहन यादव ने पुश्तैनी घर पर खुद चलाई कुदाल, हुए भावुक;...

CM मोहन यादव ने पुश्तैनी घर पर खुद चलाई कुदाल, हुए भावुक; बोले- ‘उज्जैन ने देश के सामने आदर्श उदाहरण पेश किया’

Anmol Sandesh News Desk, उज्जैन

Ujjain News: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अब्दालपुरा स्थित पुश्तैनी मकान भी आया है। रविवार को मुख्यमंत्री अपने पैतृक घर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना की और इसके बाद खुद कुदाल चलाकर मकान के हिस्से को हटाने की शुरुआत की।

पुश्तैनी घर पर CM ने खुद चलाई कुदाल

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन के लोग सिंहस्थ के लिए अपने स्तर पर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने घर और स्थान से स्वाभाविक लगाव होता है, लेकिन समाज और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लोग स्वेच्छा से अपने मकानों को पीछे कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि उज्जैनवासियों ने देश के सामने एक आदर्श उदाहरण पेश किया है और वह भी इस योगदान में खुद को शामिल मानते हैं।

घर से जुड़ी यादों को याद कर भावुक हुए CM

पुश्तैनी मकान से जुड़ी पुरानी यादों को याद करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि जब उनकी आंख भी नहीं खुली थी, तब यह घर बना था, इसलिए इससे लगाव होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि खुशी इस बात की है कि समाज के साथ पूरा मोहल्ला भी अपने आशियानों को पीछे कर रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में अलग-अलग समुदायों के लोग स्वेच्छा से सहयोग कर रहे हैं।

‘हम मुआवजा नहीं लेंगे’

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी घर से उनकी जिंदगी की कई महत्वपूर्ण यादें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1982 में ज्वाइंट सेक्रेटरी, छात्रसंघ अध्यक्ष और विधायक का पहला चुनाव जीतने के बाद वह इसी घर में आए थे। सीएम ने कहा कि सार्वजनिक हित के काम में उदाहरण खुद से पेश करना चाहिए और उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘हम मुआवजा नहीं लेंगे।’

730 मीटर सड़क होगी 15 मीटर चौड़ी

सिंहस्थ की तैयारियों के तहत उज्जैन में मास्टर प्लान के अनुसार सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इस सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया में करीब 272 भवन प्रभावित हो रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री मोहन यादव का अब्दालपुरा स्थित पुश्तैनी मकान भी शामिल है।

परिवार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के मकान भी प्रभावित

चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री के अलावा उनकी बहन कलावती यादव के मकान का हिस्सा भी प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही भाजपा नगर उपाध्यक्ष जगदीश पांचाल के मकान का हिस्सा भी सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया में शामिल है।

सिंहस्थ के लिए शहर में बड़े स्तर पर तैयारियां

उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सड़क, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की मौजूदा आबादी करीब 8 लाख है, जबकि सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी की सुविधा के लिए शहरवासियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री का अपने ही पुश्तैनी मकान को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाने की शुरुआत करना अब उज्जैन में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular