Anmol Sandesh News Desk, गोरखपुर
Gorakhpur News: गोरखपुर में बारिश और जलभराव के बीच बीजेपी सांसद रवि किशन और एक बीजेपी पार्षद के बीच फोन पर हुई तीखी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जलभराव की समस्या को लेकर बातचीत के दौरान राजनीतिक दल को लेकर दोनों के बीच ऐसी नोकझोंक हुई कि मामला चर्चा में आ गया।
जलभराव की समस्या को लेकर सांसद को किया फोन
गोरखपुर में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई सड़कें और गलियां पानी से प्रभावित हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बीजेपी सांसद रवि किशन को फोन किया। बातचीत के दौरान सांसद की ओर से कथित तौर पर पार्षद से ‘सपा जॉइन कर लिए हैं क्या?’ जैसा सवाल किया गया।
पार्षद ने भी पूछ लिया- ‘सांसद जी, आप बसपा जॉइन कर लिए क्या?’
सांसद की इस बात पर पार्षद नाराज हो गए। उन्होंने सवाल किया कि इलाके की पानी की समस्या बताने पर राजनीतिक पार्टी की बात क्यों की जा रही है। इसी दौरान पार्षद ने पलटकर रवि किशन से पूछ लिया- ‘सांसद जी, आप बसपा जॉइन कर लिए हैं क्या?’ इसके बाद दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस होने लगी। बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सपा के टिकट पर जीते थे पार्षद, बाद में BJP में शामिल
बताया जा रहा है कि विश्वजीत त्रिपाठी ने नगर निकाय चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीता था, जिसके बाद उन्होंने बाद में बीजेपी की सदस्यता ले ली थी। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र बातचीत के दौरान सामने आया। वायरल बातचीत में जलभराव की समस्या से शुरू हुआ मुद्दा राजनीतिक तकरार तक पहुंचता नजर आया।
राप्तीसागरताल गेट तक पहुंचे पार्षद
बातचीत के बाद पार्षद रामगढ़ताल के मुख्य द्वार तक पहुंचे और वहां से भी सांसद रवि किशन को फोन लगाने का प्रयास किया। हालांकि, बताया जा रहा है कि सांसद ने फोन रिसीव नहीं किया।
