Anmol Sandesh News Desk,अनूपपुर
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम बिजौरा के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे, जो ग्राम पड़निया से पूजा-अर्चना के लिए बिजौरा स्थित मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान बिजौरा गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली पलटने के बाद उसमें सवार लोग करीब 10 फीट नीचे जा गिरे, जिससे चीख-पुकार मच गई।
6 की मौत, कई गंभीर घायल
हादसे में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 40 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।पाली एसडीएम, पुलिस अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

CM मोहन यादव ने जताया शोक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने की घटना अत्यंत दुखद है।मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
प्रशासन ने शुरू की जांच
स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जाएगी।श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
