Saturday, June 6, 2026
Homeअन्य राज्यदिल्ली-एनसीआरएमपी-यूपी में आंधी-बारिश का कहर, राजस्थान में ओले, सड़कों पर पेड़ गिरे,...

एमपी-यूपी में आंधी-बारिश का कहर, राजस्थान में ओले, सड़कों पर पेड़ गिरे, कई जगह गाड़ियां दबीं,27 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली 

देश के कई राज्यों में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार और उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, वाहन क्षतिग्रस्त हुए और हादसों में लोगों की जान भी गई।मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज आंधी और बारिश के कारण 80 से अधिक पेड़ गिर गए। वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा सहित कई शहरों में तेज हवाओं के चलते करीब 400 पेड़ उखड़ गए, जिससे यातायात घंटों प्रभावित रहा।राजस्थान के जयपुर में खराब मौसम के कारण दिल्ली से आने वाली चार उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि श्रीगंगानगर में ओलावृष्टि हुई। दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम के कारण 11 उड़ानों का मार्ग बदला गया।हरियाणा के फरीदाबाद में तेज हवाओं के चलते फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगी क्रेन पलट गई, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई। बिहार के भागलपुर में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की जान चली गई।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार

दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल पहुंच चुका है और पूरे राज्य को कवर कर लिया है। मानसूनी हवाएं कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच गई हैं। केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अगले दो दिन का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 6 जून को राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 7 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राज्यों में मौसम का हाल

मध्य प्रदेश

भोपाल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। राजधानी में 80 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। आज भोपाल, इंदौर समेत 45 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान

जयपुर में रातभर रुक-रुककर बारिश हुई। भरतपुर में आंधी के दौरान मकान की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है।

उत्तर प्रदेश

लखनऊ, आगरा सहित कई शहरों में बारिश दर्ज की गई। 38 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 18 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

बिहार

एक ओर 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है, वहीं 26 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। कई क्षेत्रों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

हरियाणा

16 जिलों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। अगले दो से तीन दिन तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

उत्तराखंड

देहरादून, पौड़ी, नैनीताल समेत सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में तेज हवाओं के कारण चलती गाड़ियों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular