Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार रविवार तक मानसून 12 राज्यों में पहुंच चुका है और आने वाले 3 से 4 दिनों में इसके महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक तेजी से बढ़ने की संभावना है।मानसून की सक्रियता के बीच मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि मध्य प्रदेश के इंदौर-खंडवा हाईवे पर तेज आंधी के कारण एक ऑटो पलट गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी का असर, 3 विमान डैमेज
राजधानी दिल्ली में रविवार को तेज आंधी और बारिश ने हवाई सेवाओं को भी प्रभावित किया। दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर ग्राउंड सपोर्ट उपकरण तेज हवाओं के कारण अपनी जगह से खिसक गए और एयर इंडिया के तीन नैरो बॉडी विमानों से टकरा गए। घटना में तीनों विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल ऑपरेशन से बाहर कर दिया गया।हालांकि किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद विमानन सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली-NCR में फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में सोमवार से मौसम साफ रहने के साथ तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। विभाग ने अगले सप्ताह हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की चेतावनी भी जारी की है।
केरल से पूर्वोत्तर तक मानसून की रफ्तार
इस वर्ष मानसून 4 जून को केरल पहुंचा था, जो सामान्य से तीन दिन देर से था। हालांकि इसके बाद इसकी गति तेज रही और मात्र चार दिनों में इसने 12 राज्यों को कवर कर लिया।रविवार को मानसून ने त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में प्रवेश किया। इससे पहले यह आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम और मणिपुर तक पहुंच चुका था।मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। 8 से 10 जून के बीच कर्नाटक में अत्यधिक वर्षा होने का अनुमान है।

राजस्थान-पंजाब में लू, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।राजस्थान का श्रीगंगानगर रविवार को 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। पंजाब के बठिंडा में भी तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में सामान्य से 65% ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश में मानसून आने से पहले ही जून माह के बारिश कोटे का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। राज्य में अब तक औसतन 12.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य आंकड़ा 8.3 मिमी है।भोपाल, आगर-मालवा, शाजापुर और नीमच सहित कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर कई राज्यों में मानसून और बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
