Wednesday, June 17, 2026
Homeअन्य राज्यराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पांच दिवसीय एमपी दौरे पर, इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर,...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पांच दिवसीय एमपी दौरे पर, इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगी शामिल,दौरे को लेकर हाई अलर्ट

Anmol Sandesh News Desk,दिल्ली/भोपाल/इंदौर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पांच दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास को लेकर प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। राष्ट्रपति 18 से 22 जून तक इंदौर, ओंकारेश्वर, बैतूल, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।राष्ट्रपति 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी, जहां उनका स्वागत मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इसके बाद वे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी और भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगी। 19 जून को विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी राष्ट्रपति शामिल होंगी।

डीजीपी ने दिए विशेष सुरक्षा निर्देश

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।

ओंकारेश्वर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली

राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए 17 जून की मध्यरात्रि से 19 जून तक ओंकारेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि भीड़भाड़ और यातायात बाधित न हो।इंदौर से खंडवा जाने वाले भारी वाहन महू-मानपुर-धामनोद-खरगोन मार्ग से संचालित होंगे, जबकि खंडवा से इंदौर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है, जहां से वे पैदल मंदिर परिसर तक पहुंच सकेंगे।

काफिले के दौरान रहेगा यातायात प्रतिबंध

राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से वाहन निषेध क्षेत्र घोषित किया जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अस्थायी असुविधा हो सकती है।खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रपति का दौरा प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो।

दौरे को लेकर हाई अलर्ट

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर इंदौर, ओंकारेश्वर, बैतूल, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर सहित सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं और दौरे को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular