Wednesday, June 17, 2026
Homeअन्य राज्यउत्तरप्रदेशड्यूटी के दौरान रील बनाने वालों पर सीएम योगी सख्त, सीएम योगी...

ड्यूटी के दौरान रील बनाने वालों पर सीएम योगी सख्त, सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों को दी नसीहत बोले- ‘अनुशासनहीनता से बचें, सिस्टम पर उंगली उठाने का मौका न दें’

Anmol Sandesh News Desk,लखनऊ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी गंभीरता और सतर्कता रखनी चाहिए तथा ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे पुलिस व्यवस्था और प्रशासन की छवि प्रभावित हो।बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों द्वारा ड्यूटी के समय रील और वीडियो बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि कुछ लोग ड्यूटी के दौरान रील बनाने में व्यस्त रहते हैं, जो अनुशासनहीनता का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहना चाहिए और जिस कार्य के लिए उनकी ड्यूटी लगाई गई है, उस पर पूरी निष्ठा और गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।सीएम योगी ने कहा कि यदि अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यों के प्रति गंभीर नहीं रहेंगे तो आम जनता सिस्टम पर सवाल उठाने लगेगी। उन्होंने कहा कि हमें अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बनने से बचना चाहिए और अपनी कार्यशैली से जनता का विश्वास मजबूत करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नए चयनित अभ्यर्थियों से भी अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करना भी है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले भी ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया कंटेंट बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और चेतावनी जारी कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई अवसरों पर पुलिस बल को अनुशासन और पेशेवर व्यवहार बनाए रखने की नसीहत दे चुके हैं।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular