Friday, September 18, 2026
Homeअन्य राज्यUjjain News: बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे नितिन नवीन, भस्म आरती...

Ujjain News: बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे नितिन नवीन, भस्म आरती में हुए शामिल; रामघाट पर जलाया आशीर्वाद का दीया

Anmol Sandesh News Desk, उज्जैन

Ujjain News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने मध्य प्रदेश दौरे के दौरान गुरुवार को धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। नितिन नवीन के साथ मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उज्जैन प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

भस्म आरती में शामिल होकर लिया बाबा महाकाल का आशीर्वाद

उज्जैन पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर उन्होंने भगवान महाकाल की विधि-विधान से पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। भाजपा नेताओं ने भी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में हुए शामिल

इंदौर में रोड शो और स्वामित्व योजना के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नितिन नवीन उज्जैन पहुंचे थे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। क्षिप्रा नदी की आरती के दौरान आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया गया। इसके बाद नितिन नवीन रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में भी शामिल हुए।

उज्जैन में जले 33 लाख दीप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उज्जैन में बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। क्षिप्रा नदी के विभिन्न घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में 33 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं, राजधानी भोपाल में करीब ढाई लाख दीप जलाए गए। इंदौर, बैतूल, खंडवा समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक महीने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला MP दौरा

नितिन नवीन के भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह मध्य प्रदेश का पहला दौरा है। वे 17 और 18 सितंबर को प्रदेश के दौरे पर हैं। 17 सितंबर को इंदौर एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वे गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया गया। इसके बाद उज्जैन पहुंचकर उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती में हिस्सा लिया। उनके दौरे के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी उनके साथ मौजूद रहे।

उज्जैन में धार्मिक आयोजन और राजनीतिक दौरे का संगम

नितिन नवीन के उज्जैन दौरे में महाकाल दर्शन, भस्म आरती, क्षिप्रा आरती और दीपोत्सव प्रमुख आकर्षण रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular