Anmol Sandesh News Desk,लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का लव मैरिज को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि शादी का फैसला लेने से पहले आत्मनिर्भर बनना जरूरी है।लखनऊ में आयोजित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में संबोधन के दौरान राज्यपाल ने कहा कि वह लव मैरिज के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों को समझकर फैसले लेने चाहिए।उन्होंने कहा कि कई बार युवा बिना पूरी तैयारी के घर से अलग होकर शादी कर लेते हैं और बाद में परिस्थितियां कठिन हो जाती हैं। ऐसे मामलों में परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर समस्याएं सामने आती हैं।
छात्रों को दी आत्मनिर्भर बनने की सलाह
राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं से कहा कि अगर किसी को पसंद करते हैं और दोनों के बीच प्रेम है, तो पहले अपने पैरों पर खड़े हों, आर्थिक रूप से सक्षम बनें और उसके बाद शादी का निर्णय लें।उन्होंने बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा व भविष्य को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि जीवन के बड़े फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए।

बेटे का उदाहरण देते हुए कही बात
अपने बेटे का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे से कहा था कि अगर पढ़ाई के दौरान किसी को पसंद करता है तो उन्हें बताए, लेकिन बेटे ने ऐसा नहीं किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने उनसे कहा कि अब आप ही मेरे लिए फैसला करें।राज्यपाल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे युवाओं को जिम्मेदारी समझाने वाली सलाह बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग उनके शब्दों को लेकर बहस कर रहे हैं।
