Anmol Sandesh News Desk,दतिया
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने सोमवार, 13 जुलाई 2026 को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।इस दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

नामांकन से पहले मंदिरों में की पूजा-अर्चना
नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।इसके बाद उन्होंने प्राचीन बनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और चुनाव में सफलता की कामना की।धार्मिक अनुष्ठान के बाद घनश्याम सिंह समर्थकों के साथ नवीन कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस करेगी शक्ति प्रदर्शन
नामांकन के बाद कांग्रेस की ओर से बाईपास रिंग रोड स्थित सभा स्थल पर विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी।कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस सभा के जरिए पार्टी चुनावी शक्ति प्रदर्शन करेगी। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता इस सभा को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
दतिया उपचुनाव की तारीखें
चुनाव आयोग ने 6 जुलाई को दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी।
- नामांकन की अंतिम तारीख: 13 जुलाई 2026
- नामांकन पत्रों की जांच: 14 जुलाई 2026
- नाम वापसी की अंतिम तारीख: 16 जुलाई 2026
- मतदान: 30 जुलाई 2026
- मतगणना और परिणाम: 3 अगस्त 2026
क्यों हो रहा है दतिया में उपचुनाव?
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी।दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित MP-MLA कोर्ट ने एक मामले में राजेंद्र भारती को दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई और सीट रिक्त घोषित कर दी गई।राजेंद्र भारती ने फैसले के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा।अब दतिया सीट पर होने वाला उपचुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। दोनों दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
