Anmol Sandesh News Desk,दतिया
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने सोमवार, 13 जुलाई 2026 को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नामांकन से पहले मां बगलामुखी का लिया आशीर्वाद
नामांकन दाखिल करने से पहले आशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी का आशीर्वाद लिया।इसके बाद उन्होंने समर्थकों और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में चुनावी मैदान में अपनी औपचारिक एंट्री की।
BJP ने जीत का किया दावा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दावा किया कि पार्टी दतिया उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।उन्होंने कहा कि चुनाव में बीजेपी सरकार के विकास कार्यों और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा दतिया में कराए गए विकास कार्यों को जनता के बीच रखा जाएगा।हेमंत खंडेलवाल ने यह भी कहा कि नरोत्तम मिश्रा पहले भी पार्टी के साथ थे और आगे भी संगठन के साथ मजबूती से जुड़े रहेंगे।
कौन हैं आशुतोष तिवारी?
बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी दतिया जिले के रहने वाले हैं और उन्हें संगठन से जुड़े जमीनी नेता के रूप में देखा जाता है।
- छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे।
- बीजेपी संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
- वर्ष 2020 से 2023 तक एमपी हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं।
- वर्तमान में बीजेपी के एक प्रमुख संगठनात्मक दायित्व पर हैं।
- पार्टी और संघ में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को परिणाम
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।अब दतिया का चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बीजेपी ने जहां आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है, वहीं विपक्षी दल भी अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
