Friday, July 31, 2026
Homeअन्य राज्यदेशभर में मानसून का कहर,केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी बंद, 16 राज्यों...

देशभर में मानसून का कहर,केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी बंद, 16 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, कई जगह लैंडस्लाइड और बाढ़ !

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना

देशभर में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक जनजीवन प्रभावित है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान समेत 16 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है।

केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी बंद

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड के पास भारी लैंडस्लाइड के कारण केदारनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रही। प्रशासन मलबा हटाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

हरिद्वार में गंगा का बढ़ा जलस्तर, कांवड़िया का रेस्क्यू

हरिद्वार में लगातार बारिश के चलते गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। गंगाजल भरने के दौरान तेज बहाव में फंसे एक कांवड़िए को SDRF की टीम ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया।वहीं, खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी में अचानक पानी आने से दो वाहन बीच धारा में फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए राहत अभियान चलाया गया।

जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में लैंडस्लाइड के कारण कारगिल-लेह नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है। उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।पिथौरागढ़ में पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थरों की चपेट में एक जीप क्षतिग्रस्त हो गई। चालक और यात्री समय रहते वाहन से कूदकर सुरक्षित बच निकले।

उत्तर प्रदेश और असम में बाढ़ का असर

उत्तर प्रदेश के बलिया में सरयू नदी का कटाव तेज होने से कई गांवों में पानी घुस गया है। करीब 100 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।गोंडा में घाघरा नदी का कटाव बढ़ने से खेत, पेड़ और जमीन नदी में समा रही है।उधर, असम में बाढ़ के 11 दिन बाद भी करीब 13 हजार परिवारों के घरों में बिजली बहाल नहीं हो सकी है। राज्य में अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग प्रभावित हैं।

मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। उज्जैन, इंदौर, सागर समेत 17 जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।राजस्थान के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि तेलंगाना के पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साइबराबाद पुलिस ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह भी दी है।

अगले दो दिन बेहद अहम

मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई और 1 अगस्त को भी कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश जारी रह सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular