Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली
देशभर में मानसून का कहर लगातार जारी है। उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कहीं लैंडस्लाइड से हाईवे बंद हैं, कहीं पुल टूट गए हैं, तो कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव जैसी स्थिति बन गई है।

उत्तराखंड: लैंडस्लाइड से यमुनोत्री हाईवे बंद
लगातार बारिश के चलते उत्तरकाशी में कई स्थानों पर लैंडस्लाइड होने से यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद हो गया है। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
छत्तीसगढ़: पुल टूटा, बीच में फंसी यात्री बस
लगातार बारिश के कारण बिलासपुर–रतनपुर–पेंड्रा मार्ग पर एक पुल दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई। समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रदेश में अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश: गंगा उफान पर, सड़कों पर चली नाव
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। गंगा, घाघरा, शारदा सहित 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर के छह गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे कई सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को नाव के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान: मकान की छत गिरने से बच्ची की मौत
जोधपुर के नागोरी सिलावटों इलाके में लगातार बारिश के बीच एक मकान की छत गिर गई। हादसे में 8 वर्षीय अलसिफा की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और दादी गंभीर रूप से घायल हो गए। राज्य में तापमान में भी लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
बिहार: 25 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
राजधानी पटना सहित कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 25 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है तथा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मध्य प्रदेश: बारिश अब भी सामान्य से कम
मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 15.4 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य कोटे से कम है। अगले दो दिनों तक राज्य में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, हालांकि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
कोलकाता और हरियाणा में भी अलर्ट
- कोलकाता में 6 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
- हरियाणा के 9 जिलों में 3 और 4 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
क्या होता है बादल फटना?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यदि 20–30 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में एक घंटे या उससे कम समय में 100 मिमी या उससे अधिक बारिश हो जाए, तो उसे बादल फटना (Cloudburst) कहा जाता है।यह घटना विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में तब होती है, जब नमी से भरी हवाएं पहाड़ों से टकराकर एक ही स्थान पर जमा हो जाती हैं और अचानक अत्यधिक तेज बारिश के रूप में बरसती हैं।
प्रशासन की अपील
- नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
- मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
- पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से पहले सड़क और मौसम की जानकारी अवश्य लें।
- गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

