Tuesday, August 4, 2026
Homeअन्य राज्यदतिया हार के बाद बीजेपी में मंथन,यशोधरा राजे का 'आत्ममंथन' पोस्ट वायरल,...

दतिया हार के बाद बीजेपी में मंथन,यशोधरा राजे का ‘आत्ममंथन’ पोस्ट वायरल, उमा भारती की बहू ने भी उठाए सवाल !

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल/दतिया

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को लगातार दूसरी हार मिलने के बाद पार्टी के भीतर आत्ममंथन और नाराजगी के सुर तेज हो गए हैं। चुनाव परिणाम के बाद पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

यशोधरा राजे का वायरल पोस्ट

दतिया उपचुनाव के नतीजे आने के बाद यशोधरा राजे सिंधिया ने सोशल मीडिया पर सिर्फ इतना लिखा—आत्ममंथन का समय।” इस छोटे से संदेश को पार्टी के लिए एक बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उन्होंने संगठन और नेतृत्व को चुनावी रणनीति तथा जमीनी कार्यशैली की समीक्षा करने का संदेश दिया है।

लगातार दूसरी हार से बढ़ी चिंता

दतिया में मिली हार के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में भाजपा को लगातार दूसरे उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। यही वजह है कि संगठन की रणनीति, स्थानीय नेतृत्व और चुनावी प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

उमा भारती की बहू का भी पोस्ट वायरल

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू और पूर्व मंत्री राहुल सिंह की पत्नी उमिता सिंह ने भी सोशल मीडिया पर बिना किसी का नाम लिए लिखा—जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी यह कहने लगें कि हमारी पहुंच ऊपर तक है, तब परिणाम विपरीत ही आते हैं।”उनकी इस टिप्पणी को भी दतिया उपचुनाव के नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है।

इमरती देवी ने भी जताई नाराजगी

पूर्व मंत्री इमरती देवी ने हार के बाद कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत की, लेकिन कुछ लोगों की भूमिका के कारण भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। उनके बयान के बाद अंदरूनी गुटबाजी और अनुशासन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

प्रदेश अध्यक्ष की सख्त चेतावनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने चुनाव परिणाम स्वीकार करते हुए स्पष्ट कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि जिन लोगों ने पार्टी लाइन के खिलाफ काम किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब सबकी नजर आगे क्या?

दतिया की हार के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा संगठन केवल आत्ममंथन तक सीमित रहेगा या फिर अनुशासनहीनता और अंदरूनी कलह पर ठोस कार्रवाई भी देखने को मिलेगी। आने वाले दिनों में प्रदेश संगठन के फैसलों पर सभी की नजर रहेगी।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular