Tuesday, August 4, 2026
Homeअन्य राज्यमहाकाल की सवारी में चोरों का तांडव,50 से ज्यादा श्रद्धालु बने शिकार,...

महाकाल की सवारी में चोरों का तांडव,50 से ज्यादा श्रद्धालु बने शिकार, मोबाइल, पर्स और सोने की चेन लेकर फरार बदमाश !

Anmol Sandesh News Desk, उज्जैन

सावन के पहले सोमवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी में जहां लाखों श्रद्धालु आस्था के सागर में डूबे नजर आए, वहीं भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों और चेन स्नेचरों ने दर्जनों श्रद्धालुओं को अपना निशाना बना लिया। सवारी के दौरान 50 से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, नकदी और सोने की चेन चोरी होने की शिकायतें सामने आई हैं।

50 से ज्यादा शिकायतें, पुलिस अलर्ट

महाकाल, कोतवाली और खाराकुआं थानों में चोरी की कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए दो दर्जन से अधिक संदिग्ध महिला और पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लाखों की भीड़ में सक्रिय रहे जेबकतरे

पुलिस के अनुसार, सोमवार को महाकाल मंदिर में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि महाकाल की सवारी मार्ग पर करीब 1.5 लाख लोग मौजूद थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

महिलाओं की चेन और मंगलसूत्र भी चोरी

कई महिलाओं ने गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। सबसे अधिक मामले हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र से सामने आए हैं।

  • रतलाम की अनिता और आरती ने हरसिद्धि चौराहे पर मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
  • मुंबई निवासी एक श्रद्धालु ने आरोप लगाया कि भीड़ के बीच एक महिला उनके गले से सोने की चेन खींचकर फरार हो गई।
  • मीरा रोड (मुंबई) की बबीता ने बताया कि एक महिला ने उनकी चेन खींचने की कोशिश की। शोर मचाने पर परिजनों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
  • जयपुर की कमलाबाई ने भी सोने की चेन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की तैयारियों पर उठे सवाल

घटनाओं के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सवारी से एक दिन पहले पुलिस ने जेबकतरों और चेन स्नेचरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शहर के कई इलाकों में कार्रवाई की थी और 21 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। इसके बावजूद सवारी के दौरान बड़ी संख्या में चोरी की घटनाएं सामने आ गईं।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, शिकायतों और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।सावन में महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस ने अपील की है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने मोबाइल, पर्स और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular