Monday, August 24, 2026
Homeअन्य राज्यदिल्ली में बड़ा सड़क हादसा, AAP और BJP विधायक समेत 6 घायल,...

दिल्ली में बड़ा सड़क हादसा, AAP और BJP विधायक समेत 6 घायल, ITO के पास दो कारों की जोरदार टक्कर

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली

Delhi Road Accident: राजधानी दिल्ली में ITO के पास हुए सड़क हादसे में AAP विधायक अनिल झा और कर्नाटक के BJP विधायक अभय पाटिल समेत 6 लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार कर दूसरी दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रही इनोवा से भिड़ गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सभी घायलों को इलाज के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

ITO के पास कैसे हुआ हादसा?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, I.P. Estate थाना क्षेत्र में रात करीब 9:30 बजे सड़क हादसे की सूचना PCR कॉल के जरिए मिली। प्रारंभिक जांच के अनुसार, 32 वर्षीय आशुतोष पांडे स्विफ्ट कार चला रहे थे। कार में उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी सवार थे। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जाते समय PWD ऑफिस के पास स्विफ्ट अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। टक्कर के बाद कार रेलिंग पार कर दूसरी दिशा में चली गई और ITO से लक्ष्मी नगर की ओर आ रही इनोवा से जा टकराई।

इनोवा में सवार थे AAP और BJP विधायक

हादसे के समय इनोवा में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के AAP विधायक अनिल झा और कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण से BJP विधायक अभय पाटिल सवार थे। टक्कर के बाद दोनों विधायकों समेत इनोवा और स्विफ्ट में मौजूद कुल 6 लोगों को चोटें आईं।सभी को तत्काल LNJP अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड

हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया, ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हादसे ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल

ITO दिल्ली के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में शामिल है। ऐसे में देर रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, वाहन नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और हादसे की पूरी वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular