Anmol Sandesh News Desk, मांड्या, कर्नाटक
Money Found After Death: कर्नाटक के मांड्या जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। गुथालू इलाके में एक महिला की मौत के बाद जब उसके घर की तलाशी ली गई तो वहां नोटों से भरी करीब 30 बोरियां मिलने का दावा किया गया।महिला की पहचान हूर उन्निसा के रूप में बताई जा रही है। वह लंबे समय से भीख मांगकर अपना जीवनयापन करती थी। घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की चर्चा तेज हो गई है।
30 बोरियों में भरे थे 10, 20 और 50 रुपये के नोट
जानकारी के मुताबिक, हूर उन्निसा अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थीं। करीब दो साल पहले बहन की मौत के बाद वह घर में अकेली रहने लगीं और भीख मांगकर अपना गुजारा करती रहीं। बीमारी के चलते महिला की मौत के बाद जब घर की तलाशी ली गई, तो लोगों को वहां करीब 30 बोरियां मिलीं। इनमें कथित तौर पर बड़ी संख्या में 10, 20 और 50 रुपये के नोट रखे हुए थे। नकदी को देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए।
कुछ घंटों में गिने गए 8-9 लाख रुपये !
घर से मिली नकदी की गिनती शुरू की गई तो शुरुआती कुछ घंटों में ही करीब 8 से 9 लाख रुपये गिने जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि अभी करीब 20 बोरियों में रखी नकदी की गिनती बाकी है। ऐसे में कुल रकम कितनी है, इसका वास्तविक आंकड़ा गिनती पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
क्या सच में करोड़ों रुपये थे?
सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं में इस रकम को करोड़ों रुपये बताया जा रहा है, लेकिन अभी कुल नकदी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इसलिए फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि महिला के घर से करोड़ों रुपये मिले हैं। अंतिम रकम नोटों की पूरी गिनती और संबंधित अधिकारियों की पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिश्तेदारों को बुलाया गया
इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने महिला के रिश्तेदारों से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद नकदी की गिनती और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।इतने लंबे समय तक भीख मांगने वाली महिला के पास इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कैसे जमा हुई, इसे लेकर भी लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं।
